भिलाई नगर, 29 जनवरी। नया साल शुरू होते ही तमाम स्टेट बोर्ड और सेंट्रल बोर्ड परीक्षाएं शुरू हो जाती हैं, ये परीक्षाएं ही छात्रों के भविष्य के दशा और दिशा तय करती हैं इसलिए परीक्षा को लेकर बच्चों के मन में डर, तनाव, भय और ढेर सारी घबराहट होती है, जिसे दूर करने के लिए भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय द्वारा हर साल “परीक्षा पे चर्चा” कार्यक्रम का आयोजन किया जाता है। आज यानि 29 जनवरी को नई दिल्ली के भारत मंडपम में सुबह 11 बजे से यह कार्यक्रम शुरू किया गया था जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने तय समय सुबह 11 बजे भारत मंडपम में पहुंचे और सबसे पहले उन्होंने बच्चों के इनोवेटिव आइडियाज को देखा फिर भारत मंडपम के मंच पर आएं, जहां उन्होंने देश के लाखों-करोड़ों विद्यार्थियों को परीक्षा के तनाव को कम करने के ढेर सारे टिप्स और सुझाव दिए।

इस कार्यक्रम का लाईव प्रसारण भिलाई की विभिन्न शासकीय व निजी स्कूलों में किया गया। पीएम मोदी ने न सिर्फ छात्रों को बल्कि शिक्षकों और अभिभावकों के लिए भी सुझाव दिए। शासकीय कन्या शाला वैशाली नगर में लगभग ढाई घंटे के इस प्रसारण में स्कूली बच्चों के आलावा स्टाफ के साथ वैशाली नगर विधायक प्रतिनिधि श्रीमती नमिता हांडा भी उपस्थित रहीं। छात्राओं ने परीक्षा पर चर्चा कार्यक्रम को उपयोगी बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने जो टिप्स दिए उससे परीक्षा को लेकर जो भी टेंशन थी वो लगभग दूर हो गई हैं, पैरेंट्स को लेकर भी सर ने जो सुझाव दिए वो काफी उपयोगी हैं।

