सीजी न्यूज ऑनलाइन डेस्क 22 जनवरी । अयोध्या के राम मंदिर में रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा का विधान पूरा हो गया है। श्रीराम के प्रथम दर्शन हो गए हैं। इससे पहले मंदिर के गर्भगृह में मोदी पहुंचे और उन्होंने प्राण-प्रतिष्ठा पूजा के लिए संकल्प लिया। फिर पूजा शुरू की। पीएम ने ही रामलला के आंख से पट्टी खोली और हाथ में कमल का फूल लेकर पूजन किया। रामलला पीतांबर से सुशोभित हैं। उन्होंने हाथों में धनुष-बाण धारण किया है।

देश-विदेश से कई अतिथि पहुंचे हैं। इनमें संघ प्रमुख मोहन भागवत, पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, पूर्व उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू, मुकेश-नीता अंबानी, गौतम अडाणी, अमिताभ बच्चन, रजनीकांत शामिल हैं। पीएम नरेंद्र मोदी सुबह 10 बजकर 25 मिनट पर अयोध्या पहुंचे। सेना के हेलिकॉप्टर से अयोध्या में पुष्प वर्षा की गई। प्राण प्रतिष्ठा पूजन पूर्ण होने के पश्चात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत के द्वारा श्री रामलला की आरती की गई। इसके पूर्व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सुबह 10:30 बजे हाथ में कमल पुष्प 17 एवं चुनरी लेकर प्राण प्रतिष्ठा पूजन के लिए पहुंचे।

इस पावन मौके का साक्षी बनने के लिए सात हजार से ज्यादा वीवीआईपी अयोध्या पहुंचे थे. इस मौके पर बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन, रणबीर कपूर, आलिया भट्ट, माधुरी दीक्षित समेत कई सितारे अभी अयोध्या में हैं. पीएम मोदी रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के बाद दोपहर करीब डेढ़ बजे जनता को भी संबोधित करेंगे. रामलला की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर देश के कई राज्यों में आज छुट्टी घोषित कर दी गई है. वहीं, केंद्र सरकार ने भी आज आधे दिन का अवकाश घोषित किया हुआ है।


