सीजी न्यूज आनलाईन डेस्क, 21 जनवरी। इन दिनों विदेशों से अवैध रूप से तस्करी करने वाले तस्कर सामान को ऐसी चीजों में छिपाकर लाते हैं कि आम इंसान तो उन्हें पकड़ भी नहीं पाए हालांकि हर बार एयरपोर्ट पर कस्टम और सीआईएसएफ के जवान इन तस्करों को पकड़ लेते हैं। ऐसा ही एक हैरान कर देने वाला मामला प्रकाश में आया है जब गुजरात के अहमदाबाद एयरपोर्ट पर सैनिटरी नैपकिन में सोने के पेस्ट के साथ महिला पकड़ी गई।
आपको बता दें कि अबू धाबी से अहमदाबाद जा रही एक महिला यात्री को अहमदाबाद के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे (एसवीपीआई) पर अहमदाबाद सीमा शुल्क विभाग ने सैनिटरी नैपकिन में सोने के पेस्ट के साथ पकड़ लिया। कस्टम डिपार्टमेंट के अधिकारियों ने कहा कि यात्री प्रोफाइलिंग के आधार पर महिला को संभावित तस्कर के रूप में पहचाना और शुक्रवार को उसकी गहन जांच की। तलाशी में चतुराई से छिपाए गए सोने के पेस्ट की खोज हुई जिसकी कुल मात्रा 24K शुद्धता की 763.360 ग्राम थी। सीमा शुल्क अधिकारी ने बताया कि जब्त किए गए सोने का बाजार मूल्य 49 लाख 7 हजार 641 रुपये आंका गया है। सीमा शुल्क अधिनियम के तहत सोना जब्त कर लिया गया है, मामले की जांच जारी है।

