सेक्टर-10 में मकान खाली कराने गए लोगों ने पूरे परिवार को पीटा, सामान बाहर फेंक दिया
भिलाई नगर, 27 अप्रैल। टाऊनशिप के सेक्टर 10 में कल रात एक मकान को खाली करने की बात को लेकर जमकर मारपीट हुई है। देर रात इस मामले में दो महिला समेत चार लोगों के खिलाफ धारा 294, 34, 323, 452 व 506 के तहत जुर्म दर्ज कर मामले की विवेचना प्रारंभ कर दी गई है।
भिलाई नगर पुलिस ने बताया कि सड़क 18 क्वा नं 8 सेक्टर-10 निवासी शिवनंदन साहू (50 वर्ष) पेपर चिल्ली होटल के संचालक हैं, ने बताया कि वर्ष 2017 से वो रघुनंदन सिंह के मकान में किराए से अपने परिवार के साथ रहते हैं। विगत कुछ दिनों से रघुनंदन मकान को खाली करने बोल रहे थे लेकिन मकान मालिक रघुनंदन से शिवनंदन को ढाई लाख रुपए वापस लेना था इसलिए रूपये वापस करने पर ही मकान खाली करने कहा। कल रात मकान में शिवनंदन, उनकी पत्नी संगीता तथा पुत्री नैना और रिश्तेदार थे तभी रघुनंदन उसकी पत्नि, पुत्र एवं अन्य उनके साथी घर के पास आए और मकान खाली करने की बात को लेकर घर के बाहर से ही गाली देते हुए जान से मारने की धमकी देने लगे। रघुनंदन, उसकी पत्नी, पुत्र गौरव और गौरव की मौसी मकान में आनाधिकृत रुप से प्रवेश कर शिवनंदन, संगीता और नैना को हाथ मुक्का और हाकी स्टिक से मारने लगे। शिवनंदन के चेहरे, सिर, संगीता के पैर तथा नैना के हाथ-पैर मे चोट आई। इस समय संगीता के गले की चैन भी कहीं गिर गई है। आरोपियों ने उनके घर के समान को भी बाहर फेंक दिया है।

