बाथरूम में नहा रही थी ग्यारहवीं की छात्रा तभी लीक हुई गीजर से गैस 🟪 घंटे भर अचेत रही, हास्पिटल में डाक्टर ने मृत घोषित किया

<em>बाथरूम में नहा रही थी ग्यारहवीं की छात्रा तभी लीक हुई गीजर से गैस 🟪 घंटे भर अचेत रही, हास्पिटल में डाक्टर ने मृत घोषित किया</em>



सीजी न्यूज आनलाईन डेस्क, 16 जनवरी। उत्तर प्रदेश के बदायूं में एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। यहां एक 11वीं कक्षा में पढ़ने वाली छात्रा नहाने के लिए बाथरूम में घुसी और गीजर का गैस लीक होने से वहीं पर उसका दम घुट गया। जब वह काफी देर तक बाहर नहीं निकली तो परिजनों ने बाथरूम का दरवाजा तोड़ कर उसे बाहर निकाला। आनन फानन में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया है।


परिजनों ने बताया मृत छात्रा मेघा शर्मा के पिता अरुण शर्मा की पहले ही मौत हो चुकी है। वह बरेली के मानस्थली स्कूल में पढ़ाई करती है, उसका छोटा भाई सक्षम भी इसी स्कूल में कक्षा नौ में पढ़ता है। सर्दी की छुट्टियों की वजह से दोनों भाई बहन 30 दिसंबर को बिसौली आ गए थे। रविवार की दोपहर मेघा नहाने के लिए बाथरूम में घुसी और गीजर ऑन कर लिया। अचानक गीजर से गैस लीक होने लगा और देखते ही देखते मेघा का बाथरूम के अंदर ही दम घुट गया। जब वह करीब दो घंटे तक बाथरूम से बाहर नहीं निकली तो परिजनों को संदेह हुआ, इसके बाद नौकरानी ने बाथरूम का दरवाजा खटखटाया लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला तो परिजनों ने बाथरूम का दरवाजा तोड़ा। अंदर मेघा अचेत पड़ी थी जिसे आनन फानन में उठाकर अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।