जिले के व्यायाम शिक्षकों की बैठक में सत्र 2022 – 23 का प्रस्तावित खेल कैलेंडर किया गया जारी, संशोधन हेतु 3 दिनों के भीतर व्यायाम शिक्षक दे सकेंगे अपनी राय


जिले के व्यायाम शिक्षकों की बैठक में सत्र 2022 23 का प्रस्तावित खेल कैलेंडर किया गया जारी, संशोधन हेतु 3 दिनों के भीतर व्यायाम शिक्षक दे सकेंगे अपनी राय

दुर्ग 26 अप्रैल । जिला शिक्षा अधिकारी दुर्ग द्वारा जिले के कार्यरत समस्त शासकीय एवं अशासकीय व्यायाम शिक्षकों की बैठक आज आहूत की गई । बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी दुर्ग अभय जयसवाल के निर्देश पर  कार्यक्रम की अध्यक्षता सहायक संचालक शिक्षा विभाग दुर्ग  श्रीमती पुष्पा पुरुषोत्थमन ने की। कार्यक्रम सहायक जिला  क्रीड़ा अधिकारी तनवीर अकील अर्जुन अवॉर्डी एवं अंतर्राष्ट्रीय बॉक्सर  राजेंद्र प्रसाद सिंह एवं तीनों विकासखंड के विकासखंड क्रीड़ा अधिकारी पी जे सेबेस्तियन, शकीला देवदास, कौशलेन पटेल एवं समस्त शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों के व्यायाम शिक्षक उपस्थित थे।

कार्यक्रम में सर्वप्रथम तनवीर अकील द्वारा सत्र 2022 -23 में आयोजित होने वाली दुर्ग जिले के प्रस्तावित खेल कैलेंडर का विमोचन किया एवं उक्त कैलेंडर में किसी भी प्रकार के संशोधन हेतु समस्त व्यायाम शिक्षकों से 3 दिन के भीतर अपनी राय देने को कहा। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रही श्रीमती पुष्पा पुरुषोत्थमन ने व्यायाम शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि किसी भी कार्य को करने के पहले लक्ष्य निर्धारित कर उस लक्ष्य तक पहुंचने का आह्वान किया एवं व्यायाम शिक्षकों को कोरोना काल में कार्य करने के लिए बधाई देते हुए उनका सम्मान करने की बात कही।

अंत में अर्जुन अवॉर्डी राजेंद्र प्रसाद सिंह ने समस्त व्यायाम शिक्षकों को बच्चों को प्रतिदिन अभ्यास कराने के लिए प्रेरित किया । बैठक में नव पदस्थ व्यायाम शिक्षकों को खेल संबंधी प्रक्रिया समझाते हुए दायित्व निर्वहन के निर्देश  दिए गए । मंच से व्यायाम शिक्षकों द्वारा सेवा निवृत्त व्यायाम शिक्षक ललित साहू को साल श्रीफल भेंट कर स्मृति चिन्ह प्रदान किया गया । बैठक में लगभग 150 व्यायाम निर्देशक /एवं क्रीड़ा प्रभारी उपस्थित रहे!