रिसाली सेक्टर में बीएसपी के 35 मकान कराया खाली, टाऊनशिप में अवैध कब्जेधारियों के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई जारी
भिलाई नगर, 30 अप्रैल। बीएसपी के क्वार्टर में अवैध कब्जा करके वहां बाहरी लोगों बसा दिया जा रहा है। इसके पीछे एक पूरा रैकेट काम कर रहा है। अवैध कब्जेधारियों से अनाधिकृत लोग बाकायदा किराया भी वसूलते रहे हैं। हालात ये हो गए हैं कि बीएसपी के क्वार्टर में अनेक संदिग्ध लोग भी रहने लगे हैं। ऐसे ही क्वार्टर को खाली कराने के लिए बीएसपी ने ऑपरेशन नसीब चलाया है।
कल से ही बीएसपी का प्रवर्तन विभाग नगर सेवाएं बीएसपी क्वार्टर में कब्जेधारकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करना शुरू कर चुका है। शुक्रवार को बीएसपी अमला सड़कों पर उतरा और 5 घंटे ताबड़तोड़ कार्रवाई कर एक ही दिन में 35 आवासों को कब्जामुक्त कर सील किया है।
मिली जानकारी के मुताबिक रिसाली सेक्टर में चलाए जा रहे इस ऑपरेशन में नेवई थाना पुलिस बल का भी सहयोग लिया गया। आवासों को खाली करते वक्त रखरखाव कार्यालय के कर्मचारी भी उपस्थित थे। बीएसपी के अधिकारियों का कहना है कि रिसाली सेक्टर में क्वार्टर खाली कराने के बाद यह कार्रवाई दूसरे सेक्टर में भी शुरू की जाएगी। टाऊनशिप में क्षेत्रवार बीएसपी अमला सुबह 10ः30 बजे से पहुंच एक-एक मकान की जांच कर अवैध कब्जाधारी लोगों से मकान खाली करा रहा है। इस दौरान बीएसपी कर्मी माइक से अनाउंस भी कर रहे हैं जिससे अवैध कब्जाधारी सतर्क हो जाएं। कल यह कार्रवाई दोपहर 3 बजे तक चली। बीएसपी के इस अभियान का ऑफिसर्स एसोसिएशन और श्रमिक यूनियनों ने भी समर्थन किया है। उनका कहना है कि अवैध कब्जाधारी बीएसपी कर्मियों के साथ आए दिन विवाद व लड़ाई-झगड़ा करते रहते हैं। यहाँ नशाखोरी, जुआ सट्टा, मारपीट, लूटमार, गुण्डागर्दी व अन्य अपराधिक गतिविधियों में भी ऐसे लोग संलिप्त रहते हैं इसलिए टाऊनशिप को अवैध कब्जा मुक्त करना जरूरी है।
