शाम ढलते ही सार्वजनिक स्थलों पर शराब सेवन का ट्रेंड, पार्क वाहन वेटिंग स्टैंड और मैदान बना अड्डा

शाम ढलते ही सार्वजनिक स्थलों पर शराब सेवन का ट्रेंड, पार्क वाहन वेटिंग स्टैंड और मैदान बना अड्डा


शाम ढलते ही सार्वजनिक स्थलों पर शराब सेवन का ट्रेंड, पार्क वाहन वेटिंग स्टैंड और मैदान बना अड्डा

भिलाई नगर, 30 अप्रैल। अनेक चेतावनी और कार्रवाई के बाद भी शाम होते ही सार्वजनिक स्थलों पर खुलेआम शराब सेवन का सिलसिला इस्पात नगरी में नहीं थम रहा है। शहर के चौक चौराहों पर बने वाहन प्रतीक्षालय स्टैंड सहित पार्क की बैंच और मैदान में शराबियों की जमघट आम हो रही है। लोग शराब खरीद चौक चौराहों की दुकानों से डिस्पोजल गिलास और चखना ले जहां तहां वाहन खडे़ कर चबूतरों पर साथियों के साथ शाम ढलते ही शराब सेवन करते देखे जा रहे हैं। कई बार इन्हें देख आस-पास से गुजर रहे लोग पुलिस को खबर दे आपत्ति जताते भी हैं लेकिन मौके पर पहुंचने तक शराबी जा चुके होते हैं। 

सुपेला पुलिस ने कल रात ऐसी ही शिकायत पर कार्रवाई करते हुए थाना के पीछे स्थित आरके ग्राउंड में शराब सेवन कर रहे तीन लोगों को पकड़ इनके खिलाफ धारा 36(च) के तहत कार्रवाई की है। यहां आरोपी नरेंद्र वर्मा (36 वर्ष), अनिल निर्मलकर (34 वर्ष) और राहुल मंडावी (31 वर्ष) सार्वजनिक ग्राउंड में शराब सेवन कर रहे थे। पुलिस की दबिश पर आरोपी भागने लगे मगर इन्हें पकड़ कर मुलाहिजा करवाया गया जिसमें शराब सेवन पाया गया। विदित हो कि वैशाली नगर, राम नगर, हाउसिंग बोर्ड, फौजी नगर, सुपेला, कैम्प क्षेत्र, खुर्सीपार, छावनी, जामुल सहित टाउनशिप के उद्यान, चौराहा स्टैंड, मैदान, सप्ताहिक मार्केट स्थल सहित सड़क किनारे शराबियों की ऐसी ही जमघट आम हो चली है जिससे आवागमन कर रहे स्थानीय लोगों को परेशानी होती है।