समाप्त अवधि के गेट पास से प्लांट में घुसा ठेका श्रमिक, काॅपर केबल लेकर निकलते समय पकड़ा गया
भिलाई नगर, 3 मई। एक्सपायर गेट पास लेकर एक ठेका श्रमिक आसानी से भिलाई इस्पात संयंत्र के भीतर घुस गया और काॅपर वायर थैले में छिपा कर जब वह बाहर निकलने का प्रयास कर रहा था तभी औद्योगिक सुरक्षा बल ने उसे पकड़ भट्टी थाना के हवाले किया है। इस मामले के आरोपी अंगद ताण्डी (26 वर्ष) निवासी अर्जुन नगर कैम्प-1 के खिलाफ भादवि की धारा 379 और छग राज्य सुरक्षा अधिनियम की धारा 25 व 26 के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
भट्टी पुलिस ने बताया कि अंगद तांडी पिता गणेश ताण्डी से 9 किलो काॅपर केबल छिला हुआ जब्त किया गया है। औद्योगिक सुरक्षा बल के सहायक उप निरीक्षक पीसी चौधरी की रिपोर्ट पर आरोपी के खिलाफ जुर्म दर्ज किया गया है। बीएसपी के रोलिंग मिल गेट पर बीबीएम बैक साईड एरिया में तैनात बल सदस्य प्रधान आरक्षक जीडी एमके सिंघा ने बीबीएम एरिया में संदिग्धता के आधार पर अंगद को रोक कर तलाशी ली तो उसके पास रखे थैले से काॅपर केबल बरामद किया गया। ठेका श्रमिक अंगद ने पूछताछ में बताया कि वह बीएसपी में मैसर्स जेबी ट्रेडर्स के तहत गेट पास नंबर जे-02 एफ/21/117 को दिखाकर संयंत्र में प्रवेश किया जबकि पास की अवधि समाप्त हो चुकी थी। लालच में आकर उसने काॅपर केबल चोरी कर निकल रहा था तभी पकड़ा गया। बीएसपी महाप्रबंधक यतेन्द्र कुमार एसएमएस-3 के समक्ष प्रस्तुत करने पर उन्होने बरामद सामग्री को बीएसपी भिलाई की सम्पत्ति के रूप में पहचान करते हुए सम्पत्ति प्रमाण पत्र जारी किया और आरोपी को भट्टी पुलिस के सुपुर्द किया गया।

