छत्तीसगढ़-महाराष्ट्र बॉर्डर पर नक्सलियों से मुठभेड़, एक जवान घायल, जंगल में सर्चिंग जारी…
गढ़चिरौली, 3 मई। छत्तीसगढ़-महाराष्ट्र बॉर्डर के गढ़चिरौली इलाके में आज पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई है। करीब आधे घंटे तक चली इस मुठभेड़ में 1 जवान घायल हो गया है, जिसे एयरलिफ्ट के माध्यम से नागपुर के अस्पताल ले जाया गया है। बताया जा रहा है कि मुठभेड़ अभी बंद है लेकिन फोर्स अब भी वहां मौजूद है। इलाके की सर्चिंग की जा रही है। मामला धोढ़राज थाना क्षेत्र का है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि भाटपार और इरपाणार के जंगलों में नक्सली मौजूद हैं। इसी सूचना के आधार पर जवान सर्चिंग के लिए निकले थे। वहीं पहले से ही घात लगाए बैठे माओवादियों ने जवानों पर फायरिंग करनी शुरू कर दी। जवानों ने भी मोर्चा संभाला और नक्सलियों की गोलियों का मुंहतोड़ जवाब दिया। करीब आधे घंटे तक दोनों तरफ से जबरदस्त गोलीबारी हुई हालांकि इस मुठभेड़ में एक जवान को भी गोली लगी है।
