जामुल में नवविवाहिता की हत्या, घर के पलंग पर मिला शव,10 दिन पूर्व हुआ था प्रेम विवाह, पुलिस को नशेड़ी पति पर संदेश
भिलाई नगर 10 मई । जामुल थाना क्षेत्र के अंतर्गत लक्ष्मी पारा जामुल में नवविवाहिता का शव घर के बेड पर मिला पूरे शरीर पर हाथ मुक्का से चोट के निशान मिले हैं। पति द्वारा ही नवविवाहिता के हत्या की संभावना पुलिस के द्वारा व्यक्त की गई है। संदेह के आधार पर जामुल पुलिस द्वारा नशे में धुत पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। 10 दिन पूर्व ही मृतका का विवाह हुआ था। नवविवाहिता की हत्या करीब 12 घंटे पूर्व होना बताया गया है।
थाना प्रभारी गौरव पांडे ने बताया कि मृतिका श्रीमती चित्रलेखा देवांगन 27 वर्ष संतोषी पारा कैंप दो में रहती थी। 6 माह से लक्ष्मी पारा जामुल निवासी विवेक गुप्ता उर्फ रॉबिन 36 वर्ष के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। 10 दिन पूर्व 30 अप्रैल 2022 को चित्रलेखा का विवाह प्रेमी विवेक गुप्ता के साथ हुआ था । परिवार से बंटवारे में मिले घर लक्ष्मी पारा जामुल में विवाह के बाद से दोनों पति-पत्नी रह रहे थे। देखरेख के लिए विवेक की मां प्रतिदिन घर पर जाया करती थी। पिछले तीन-चार दिनों से तबीयत खराब होने के कारण विवेक की मां नहीं आ रही थी । आज दोपहर को विवेक की मां लक्ष्मी पारा जामुल स्थित घर पर पहुंची थी। घर का गेट बंद होने पर आवाज लगाई। परंतु प्रतिउत्तर नहीं मिलने पर गेट खोल कर अंदर चली गई। अंदर भी माहौल शांत रहने के कारण सीधा बेड रूम पर चली गई । जहां बहू को मृत अवस्था में देखकर डायल 112 को सूचित किया। सूचना मिलने पर जामुल पुलिस घटनास्थल पहुंची।
जामुल पुलिस ने बताया कि मृतिका की बॉडी देखने के बाद घटना लगभग 10 से 12 घंटे पुरानी होना प्रतीत हुआ। पूरे शरीर में हाथ मुक्के से चोट के निशान देखे गए । सिर में अत्यधिक चोट पहुंचाई गई है। पुलिस के द्वारा बताया गया कि मृतका के साथ अप्राकृतिक कृत्य भी किया गया है। पुलिस ने बताया कि घटनास्थल पर ही नशे में धुत पति विवेक गुप्ता भी था। जो नशे की हालत में होने के कारण कुछ भी बता नहीं पा रहा है हालांकि उसके द्वारा घटना को स्वीकार किया गया है। पुलिस के द्वारा पंचनामा कार्रवाई के बाद बॉडी को पीएम के लिए भिजवाया गया है एवं संदेह के आधार पर पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
