दुर्ग 20 दिसंबर । हेमचंद यादव विश्वविद्यालय दुर्ग द्वारा आयोजित अंतरमहाविद्यालयीन युवा उत्सव के दूसरे दिन आज 03 स्पर्धाएं आयोजित की गई। खालसा काॅलेज, मालवीय नगर चैक, दुर्ग स्थित सूरी हाॅल में आयोजित रंगोली एवं मेंहदी प्रतियोगिता में लगभग 50 से अधिक महाविद्यालयों के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। जानकारी देते हुए विश्वविद्यालय के अधिष्ठाता छात्र कल्याण, डाॅ. प्रशांत श्रीवास्तव ने बताया कि रंगोली स्पर्धा का विषय विकसित छत्तीसगढ़ विकसित भारत 2047 रखा गया था। प्रतिभागियों में अधिकांश छात्राएं थी। जिन्होंने फूलों की पंखुडि़या, लकड़ी का बुरादा, अनाज के माध्यम से अपनी अभिव्यक्त को शानदार ढंग से प्रस्तुत किया। कुछ रंगोलियां तो ऐसे प्रतीत हो रही थी मानो जमीन पर कालीन बिछा हो। मेंहदी प्रतियोगिता में प्रत्येक प्रतिभागी को 02 घंटे समयावधि के अंदर अपने साथी के दोनों हाथों में हथेली से लेकर कोहनी तक मेंहदी लगानी थी। इस प्रतियोगिता में कोई विषय आबंटित नहीं किया गया था।

विभिन्न प्रतिभागी छात्र-छात्राओं के हाथ में लगी हुए मेंहदी से समूचा हाॅल ऐसा प्रतीत हो रहा था मानों वहां कोई उत्सव चल रहा हो। प्रतिभागियों ने पर्यावरण, राधा कृष्णा, देश भक्ति, दुल्हा-दुल्हन आदि को मेंहदी के माध्यम से प्रदर्शित किया था। विश्वविद्यालय की कुलपति, डाॅ. अरूणा पल्टा एवं कुलसचिव भूपेन्द्र कुलदीप ने सभी प्रतिभागियों की कला की प्रशंसा करते हुए कहा कि निश्चित रूप से मैसूर- कर्नाटक में अयोजित होने वाली जोनल युवा उत्सव स्पर्धा में हेमचंद यादव विश्वविद्यालय की टीम बेहतर प्रदर्शन करेंगी।

डाॅ. श्रीवास्तव के अनुसार तीसरी प्रतियोगिता क्विज स्पर्धा में लगभग 25 टीमों ने हिस्सा लिया। सेंट थाॅमस काॅलेज, भिलाई में आयोजित क्विज स्पर्धा में प्रत्येक महाविद्यालय की टीम में अधिकतम 04 विद्यार्थी हिस्सा ले सकते थें। प्रथम चरण में प्रतिभागियों की संख्या अधिक होने के कारण लिखित प्रतियोगिता आयोजित हुई। लिखित प्रतियोगिता में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले 04 टीमों को फाइनल राउंड हेतु चयनित किया गया। इनमें सेंट थाॅमस काॅलेज भिलाई, डीएवी माॅडल काॅलेज, दुर्ग सांदीपनी काॅलेज, अछोटी तथा सांई काॅलेज, सेक्टर 06 शामिल थें। ऑडियो विजुअल राउंड सहित विभिन्न ज्ञानवर्धक प्रश्नों के माध्यम से आयोजित क्विज स्पर्धा के परिणाम विश्वविद्यालय द्वारा सभी प्रतियोगिताओं के समाप्ति के पश्चात् जारी किये जायेंगे।
डाॅ. श्रीवास्तव के अनुसार 20 दिसंबर को श्री शंकराचार्य महाविद्यालय, जुनवानी भिलाई में स्पीड तथा लाइट वोकल (सुगम संगीत) प्रतियोगिता आयोजित होगी। 21 दिसंबर को के. पी एस स्कूल नेहरू नगर भिलाई में एकल नृत्य एवं समूह नृत्य आयोजित होगी। 22 दिसंबर को शासकीय वा. वा. पाटणकर कन्या महाविद्यालय, दुर्ग में पोस्टर मेकिंग, कोलाज, ऑन द स्पाॅट पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित होगी।

