सीजी न्यूज ऑनलाइन डेस्क 4 दिसंबर । चीन की रहस्यमयी बीमारी 11 देशों तक फैल गई है। आइए जानते हैं कि इससे कितना खतरा है।
चीन की रहस्यमयी बीमारी धीरे-धीरे पूरी दुनिया में फैलती जा रही है। अभी तक 11 देशों में इस रहस्यमयी बीमारी के मरीज सामने आ चुके हैं। ऐसे में सोशल मीडिया पर इस बात की चर्चा हो रही है कि चीन की यात्रा पर बैन लगा देना चाहिए। आपको बता दें कि सीनेटरों ने तो अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन को चीन की यात्रा पर प्रतिबंध लगाने की मांग कर दी है।
किन देशों में फैल चुकी है बीमारी?
चीन की रहस्यमयी बीमारी के मामले चीन-अमेरिका समेत, कनाडा, फ्रांस, वियतनाम, सिंगापुर, दक्षिण कोरिया, स्वीडन, स्विटजरलैंड, डेनमार्क और नीदरलैंड में भी सामने आ रहे हैं। आपको बता दें कि चीन में आई रहस्यमयी बीमारी पर लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज के डायरेक्टर, डॉ. सुभाष गिरि ने कहा कि चीन में H9N2 के काफी मामले सामने आ रहे हैं। यह एक वायरल संक्रमण है, इससे उन बच्चों में निमोनिया का खतरा रहता है जिनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता कम होती है।
भारत में, वायरल संक्रमण नियमित रूप से मौसम बदलने और सर्दियों की शुरुआत के दौरान होता है। मैंने अब तक भारत में H9N2 की कोई रिपोर्ट नहीं पढ़ी है, लेकिन सतर्क रहना महत्वपूर्ण है।
रहस्यमयी बीमारी को लेकर चीन का क्या कहना है?
चीनी मुखपत्र ग्लोबल टाइम्स के मुताबिक, सितंबर के अंत से सांस संबंधी संक्रमण वाले बच्चों की संख्या धीरे-धीरे बढ़ी है। स्थानीय मीडिया के अनुसार, पिछले दो महीनों में अस्पताल की क्षमता फुल कैपेसिटी तक पहुंच गई है। अनहुई मेडिकल यूनिवर्सिटी के दूसरे संबद्ध अस्पताल में संक्रमण विभाग के निदेशक झांग झेनहुआ ने एक चीनी मेडिकल जर्नल के हवाले से कहा कि जैसे-जैसे श्वसन वायरस फैलते हैं, दिसंबर के मध्य तक बुजुर्ग संक्रमित लोगों की संख्या में वृद्धि होगी। इस समूह में गंभीर संक्रमण भी बढ़ सकता है, जिससे नए साल के दिन के आसपास अस्पताल में भर्ती होने की संख्या चरम पर पहुंच जाएगी।

