सीजी न्यूज आनलाईन डेस्क, 27 नवंबर। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद के थाना बिलारी क्षेत्र का एक वीडियो सोशल मीडिया पर यह वायरल हुआ कि बस अड्डे के पास लगे हैंडपंप से दूध जैसा सफेद रंग का पानी निकलने लगा। यह देखकर मौके पर भीड़ इकट्ठा हो गई और लोग इसे असली दूध समझकर बाल्टी, बोतल में भरकर घर ले जाने लगे। हैंडपंप से दूध निकलने की खबर जंगल में आग की तरफ फैल गई और देखते ही देखते बाल्टी, बोतल और बर्तन लेकर पहुंचे लोगों का यहां तांता लग गया।
वीडियो के वायरल होते ही पुलिस और प्रशासन के लोग मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। जिसके बाद पता चला कि यह दूध नहीं बल्कि प्रदूषित पानी है। इस मामले में खुद एडीएम राजबहादुर सिंह ने कहा कि नल से निकल रहा पानी दूध नहीं है वह प्रदूषित और गंदा पानी है।
दरअसल हैंडपंप के टूटे हुए चबूतरे के चलते नल काफी निचले स्तर पर चला गया था, उसी के चलते कोई दूषित पदार्थ पानी में चला गया और सफेद रंग का पानी आने लगा। इस पूरे मामले में खुद एडीएम ने कहा कि हैंडपंप से निकल रहा सफेद पानी दूध नहीं है बल्कि वह एक गंदा और प्रदूषित पानी है। पानी में कोई दूषित पदार्थ चला गया था और उसी की वजह से पानी का रंग सफेद हुआ और दूधिया रंग पानी हैंडपंप से बाहर आने लगा फिलहाल हैंड पंप सील कर दिया गया है।

हैंडपंप को सील किए जाने के बाद एडीएम ने कहा कि जांच के बाद ही उसे पुनः खोला जाएगा ताकि आने वाले दिनों लोगों को किसी तरह की कोई परेशानी न हो। उन्होंने बताया कि सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने बड़ी मशक्कत के बाद लोगों की भीड़ को वहां से हटाया है।

