सीजी न्यूज आनलाईन डेस्क, 20 नवंबर। भारत के एक दिवसीय क्रिकेट के विश्व कप फाइनल में ऑस्ट्रेलिया से हारने के बाद पश्चिम बंगाल के बांकुड़ा जिले में 23 वर्षीय युवक ने कथित तौर आत्महत्या कर ली है । उसके परिजनों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी।
पुलिस ने बताया कि घटना बेलियाटोर थाना क्षेत्र में सिनेमा हॉल के पास रविवार रात करीब 11 बजे हुयी। उन्होंने बताया कि मरने वाले युवक की पहचान राहुल लोहार के तौर पर की गयी है। राहुल के एक रिश्तेदार उत्तम सूर ने बताया कि वह इलाके में एक कपड़े की दुकान पर काम करता था और फाइनल मैच देखने के लिए उसने रविवार को छुट्टी ली थी। सूर ने कहा कि ऑस्ट्रेलिया से भारत की हार से दु:खी होकर उसने अपने कमरे में फांसी लगा ली। सूर ने दावा किया कि उसके जीवन में ऐसी कोई समस्या नहीं थी। पुलिस ने कहा कि राहुल के शव को सोमवार सुबह पोस्टमार्टम के लिए बांकुड़ा सम्मिलानी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेजा गया है और फिलहाल अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज किया गया। उन्होंने बताया कि घटना के समय घर में कोई नहीं था। पुलिस ने मौत के कारण पर टिप्पणी करने से इंकार करते हुए कहा कि जांच चल रही है। विदित हो कि भारत रविवार को अहमदाबाद में विश्व कप का खिताबी मुकाबला ऑस्ट्रेलिया से छह विकेट से हार गया था।
वर्ल्ड कप में भारत की हार बर्दाश्त नहीं कर सका 23 साल का युवक 🛑 छुट्टी लेकर देखा मैच और हारने की वजह से घर में ही फंदे पर झूल गया


