दुर्ग 29 अक्टूबर । हेमचंद यादव विश्वविद्यालय दुर्ग में पूरक परीक्षा 2023 से संबंधित परीक्षा केन्द्रों का विश्वविद्यालय के अधिकारियों ने औचक निरीक्षण कर परीक्षा के सुचारू रूप से संचालन का जायजा लिया। यह जानकारी देते हुए विष्वविद्यालय के कुलसचिव, भूपेन्द्र कुलदीप ने बताया कि कुलपति, डाॅ. अरूणा पल्टा के निर्देशानुसार प्रतिदिन विश्वविद्यालय के अधिकारी विभिन्न पूरक परीक्षा केन्द्रों का सघन निरीक्षण कर रहे है। श्री कुलदीप के अनुसार आज विश्वविद्यालय के अधिष्ठाता छात्र कल्याण, डाॅ. प्रशांत श्रीवास्तव, उपकुलसचिव, राजेन्द्र चैहान, तथा सहायक कुलसचिव, हिमांशु शेखर मंडावी ने कल्याण स्नातकोत्तर महाविद्यालय, भिलाई तथा भिलाई महिला महाविद्यालय, सेक्टर 09, का निरीक्षण किया। इस दौरान कल्याण महाविद्यालय, भिलाई के प्राचार्य डाॅ. आर. पी. अग्रवाल तथा भिलाई महिला महाविद्यालय, सेक्टर 09,की प्राचार्य, डाॅ. संध्या मदन मोहन भी उपस्थित थी।

श्री कुलदीप के अनुसार कल्याण महाविद्यालय में परीक्षा कक्ष में उपस्थित वीक्षकों ने देखा कि दो परीक्षार्थियों के पास मोबाईल हैं जो कि परीक्षा के नियमों का पूर्ण रूप से उलंघन है अतः उन दोनों परीक्षार्थियों का नकल प्रकरण दर्ज किया गया। अब यह प्रकरण विश्वविद्यालय में गठित नकल प्रकरण समिति के समक्ष रखा जायेगा। 20 अक्टूबर से आंरभ हुई पूरक परीक्षा 2023 में अब तक अनेक विषयों की पूरक परीक्षाएं सम्पन्न हो चुकी हैं। इनमें आधार पाठ्यक्रम हिन्दी एवं अंग्रेजी भाषा, समाजशास्त्र, वाणिज्य कम्प्यूटर एप्लीकेशन, भौतिकी, गणित, वनस्पति शास्त्र विषय शामिल है। विश्वविद्यालय में विभिन्न परीक्षा केन्द्रों से अबतक 5 हजार उत्तर पुस्तिकाएं पहुंच चुकी है तथा इनका मूल्यांकन 25 विशेषज्ञ प्राध्यापक प्रतिदिन कर रहे है।

