अभा पोस्टर चित्रकला स्पर्धा में डीपीएस भिलाई की समीक्षा बनीं राष्ट्रीय विजेता
भिलाई नगर, 27 मई। भारतीय सांस्कृतिक निधि द्वारा आज़ादी का अमृत महोत्सव ‘भारत 75 में’ के अंतर्गत आयोजित अखिल भारतीय पोस्टर चित्रकला स्पर्धा में भिलाई के बच्चों ने छत्तीसगढ़ का नाम रौशन किया है। भारत के स्वतंत्रता आन्दोलन के प्रति शालेय विद्यार्थियों में जागरूकता लाने के उद्देश्य से आयोजित इस प्रतियोगिता में भिलाई दुर्ग के 24 स्कूलों के 176 बच्चों ने सहभागिता दी। भारतीय सांस्कृतिक निधि के नई दिल्ली स्थित मुख्यालय द्वारा जारी परिणामों के अनुसार दस राष्ट्रीय विजेताओं में देहली पब्लिक स्कूल भिलाई की कक्षा-10 की छात्रा समीक्षा अहरवाल ने स्थान बनाया है। शारदा विद्यालय रिसाली की कक्षा-10 के हेमंत साहू व देहली पब्लिक स्कूल भिलाई के कक्षा-8 की छात्रा प्रशस्ति चंद्रा क्षेत्रीय विजेता घोषित किये गए हैं।
उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित इस स्पर्धा में देश भर से आये 6 हज़ार से अधिक पोस्टर्स (प्रविष्टि) के सघन मूल्यांकन के बाद यह परिणाम घोषित किये गए हैं।

