बीएसपी में लगातार दूसरे दिन हादसा, लेडल से छलका हॉट मेटल गिरा चार कर्मियों पर, तीन ठेका श्रमिक एक बीएसपी कर्मी झुलसा
भिलाई नगर 4 जून । भिलाई इस्पात संयंत्र के एसएमएस 2 में आज शाम को 5:00 बजे के करीब लेंडल से गिरे हॉट मेटल की चपेट में आने से एक बीएसपी कर्मी एवं तीन ठेका श्रमिक झुलस गए हैं। चारों कर्मियों को गंभीर अवस्था में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। एसएमएस 2 में लगातार दूसरे दिन हादसा हुआ है।

संयंत्र सूत्रों के मुताबिक आज शाम को 5:00 बजे के करीब एसएमएस 2 विभाग में कनवर्टर शॉप से लेडल द्वारा परिवहन करके लाए गए हॉट मेटल को फर्नेस में डालने का कार्य किया जा रहा था। हॉट मेटल के लेडल को क्रेन से उठाने के दौरान रोप फिसल गया जिसके कारण लेडल से हॉट मेटल नीचे गिर कर फेल गया। स्थल पर ही रिफेक्ट्री कार्य में संलग्न तीन ठेका श्रमिक में संजय कुमार, शैलेश कुमार एवं योगेश कुमार हॉट मेटल की चपेट में आ गए और 10 से 15 फ़ीसदी झुलस गए । जबकि बीएसपी का नियमित कर्मचारी क्रेन ऑपरेटर चंद्रशेखर साहू भी हॉस्पिटल की चपेट में आने से झुलस गया। चारों ही झुलसे हुए कर्मियों को तत्काल इलाज के लिए मैन मेडिकल पोस्ट ले जाया गया । हॉट मेटल ऊपर से गिरकर नीचे फैलने के कारण आग लग गई थी जिसे फायर कर्मियों के द्वारा पहुंचकर तत्काल नियंत्रित किया गया। लगातार दूसरे दिन एसएमएस 2 में यह हादसा हुआ है। कल भी तीन ठेका श्रमिक झुलस गए थे।
संयंत्र प्रबंधन का कथन
संयंत्र प्रबंधन ने इस हादसे के संबंध में बताया कि आज लगभग शाम 5:00 बजे,एसएमएस -2 के लैडल फर्नेस 2 से लिक्विड स्टील से भरा हुआ लेडल उठाते समय, कास्टिंग क्रेन नंबर 4 का मेन होइस्ट फ्री होकर नीचे आने लगा और क्रेन में लटके हुए लेडल ने उसके ठीक नीचे खड़े लेडल कार से टकरा कर एक ओर झुक गई। लैडल के अचानक नीचे आने और उसके झुकने से मेटल आसपास के क्षेत्रों में फैल गया और कुछ छींटे उड़ने लगे। इन छिंटों के उड़ने से ठेकेदार वेसुवियस के शैलेंद्र कुमार, एचएसडब्ल्यू, योगेश कुमार वर्मा, यूएसडब्ल्यू, संजय कुमार चौहान, एसडब्ल्यू और बी एस पी के चंद्र शेखर साहू, पर्सनल नंबर 404233, एसीटी को मामूली चोट पहुंची और उन्हें मेन मेडिकल पोस्ट में ले जाया गया और उसके बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए जेएलएन एंड आरसी अस्पताल, सेक्टर-9 स्थानांतरित कर दिया गया।

