सावधान….❗”निपाह” वायरस से 2 की मौत बाद 3 जिलों में अलर्ट जारी 🛑 प्रशासन ने सात पंचायतों में बनाया कंटेनमेंट जोन 🛑 हास्पिटल में मास्क हुआ जरूरी 🛑 आंगनबाड़ी, बैंक और सरकारी आफिस रहेंगे बंद

<em>सावधान….❗”निपाह” वायरस से 2 की मौत बाद 3 जिलों में अलर्ट जारी 🛑 प्रशासन ने सात पंचायतों में बनाया कंटेनमेंट जोन 🛑 हास्पिटल में मास्क हुआ जरूरी 🛑 आंगनबाड़ी, बैंक और सरकारी आफिस रहेंगे बंद</em>



सीजी न्यूज आनलाईन डेस्क, 13 सितंबर। केरल के कोझिकोड में निपाह वायरस से दो लोगों की मौत के बाद 3 और जिले कन्नूर, वायनाड और मलप्पुरम में अलर्ट जारी किया गया है। यहां के 7 ग्राम पंचायतों को कंटेनमेंट जोन बनाया गया है। कंटेनमेंट जोन वाले इलाके और अस्पतालों में मास्क पहनना अनिवार्य कर दिया गया है।
आपको बता दें कि न्यूज एजेंसी PTI के मुताबिक, कोझिकोड के जिला अधिकारी ने 7 पंचायतों में सभी एजुकेशनल इंस्टीट्यूट, आंगनबाड़ी केंद्र, बैंक और सरकारी संस्थानों को बंद रखने का आदेश दिया है। सुबह 7 से शाम 5 बजे तक सिर्फ दवाइयां और जरूरी चीजों की दुकानें ही खोलने की इजाजत है।
गौरतलब हो कि केरल में निपाह वायरस के अब तक 4 मामले सामने आ चुके हैं, जिनमें दो लोगों की मौत हुई है। बुधवार को राज्य सरकार ने विधानसभा में बताया कि पुणे से नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ वायरोलॉजी (NIV) की टीम निपाह वायरस की जांच को लेकर आज केरल आएगी। कोझिकोड मेडिकल कॉलेज में NIV की टीम चमगादड़ों का सर्वे भी करेगी।
इससे पहले केरल की स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज ने मंगलवार की रात इमरजेंसी मीटिंग बुलाई थी। इसमें सभी विधायकों, जन प्रतिनिधियों, जिला कलेक्टर और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ निपाह वायरस से निपटने के लिए जरूरी प्रयासों को लेकर चर्चा हुई।
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि क्षेत्र में कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग का काम जारी है। हेल्थ डिपार्टमेंट ने इंडियन काउंसिल और मेडिकल रिसर्च (ICMR) के साथ भी बातचीत की और राज्य के प्राइवेट अस्पतालों में मरीजों के ट्रीटमेंट के लिए मोनोक्लोनल एंटीबॉडी की उपलब्धता का आश्वासन दिया। केरल में निपाह से पहली मौत 30 अगस्त और दूसरी मौत 11 सितंबर को हुई थी। स्वास्थ्य मंत्री ने मंगलवार बताया था कि दोनों मृतकों के सैंपल जांच के लिए पुणे के नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ वायरोलॉजी (NIV) भेजे गए हैं। उन्होंने दो और मरीज मिलने की पुष्टि की थी। इनमें एक 9 साल का बच्चा और 24 साल का युवक शामिल है। दोनों का इलाज जारी है। स्वास्थ्य मंत्री ने स्थानीय स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को अपने क्षेत्रों में कड़ी निगरानी रखने का निर्देश दिया है।
मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने कल एक पोस्ट कर कहा कि सरकार निपाह वायरस से हुई दो लोगों की मौत पर गंभीर है। जो लोग मृतकों के संपर्क में थे, उनके बारे में पता किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग कोझिकोड में अलर्ट जारी किया है। अभी तक राज्य में आधिकारिक तौर पर निपाह के फैलने की घोषणा नहीं की गई है।
केरल के कोझिकोड और मलप्पुरम जिले में 2018 में निपाह वायरस से 17 लोगों की मौत हुई थी। इससे पहले निपाह वायरस का मामला 2019 में कोच्चि में सामने आया था। वहीं, 2021 में भी कोझिकोड में निपाह वायरस का एक केस मिला था। निपाह वायरस चमगादड़ और सुअर जैसे जानवरों से इंसानों में फैल सकता है। इस बीमारी की मरने वालों की दर बहुत ज्यादा है। अब तक इसका कोई ट्रीटमेंट या टीका (इंजेक्शन) उपलब्ध नहीं है।