पावर हाउस बस स्टैंड पर महिला थाने के काउंसलर पर जानलेवा हमला करने वाले संदेहियों से पूछताछ जारी, 3 लोगों ने किया था हमला, छावनी पुलिस कर रही जांच
भिलाई नगर, 9 जून। पावर हाउस में देर रात रायपुर महिला थाने में पदस्थ काउंसलर के ऊपर तीन लोगों ने जानलेवा हमला कर दिया। हमलावरों में दो नाबालिग सहित महेंद्र उर्फ डाडो शामिल हैं। आरोपियों ने नारायणपुर जाने के लिए बस का इंतजार कर रहे युवक को बुरी तरह पीटा और चाकू से उसका गला काट दिया। छावनी पुलिस इस मामले में बैरागी मोहल्ले के कुछ संदेहियों से पूछताछ कर रही है।
छावनी पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सेक्टर 2, सड़क नंबर 14/ए, ब्लाक 8-डी निवासी दीपक कुमार राव के ऊपर बीती रात तीन लड़कों ने जानलेवा हमला किया है। दीपक रायपुर स्थित महिला थाना में कांउसलर है। वह सोमवार की देर रात पौने 12 बजे नारायणपुर जाने के लिए बाइक से पावर हाउस आया था। बाइक को स्टैण्ड में खड़ा किया और उसके बाद पैदल पावर हाउस आरएसएस मार्केट के सामने जीई रोड बस पकड़ने के लिए पहुंचा था। तभी वहां एक बाइक में तीन लड़के आए। उन्होंने दबंगई दिखाते हुए दीपक के साथ मारपीट शुरू कर दी। तीनों हमलावर शराब के नशे में चूर थे। दीपक ने उनका विरोध किया तो महेन्द्र उर्फ डाडो नाम के युवक ने अपने पास से चाकू निकाला और दीपक के गले में वार कर दिया। इससे दीपक खून से लथपथ हो गया। डाडो के साथ आए दो नाबालिग लड़कों ने लाठी से दीपक को जमकर मारा। दीपक किसी तरह अपनी जान बचाकर वहां से भागा और छावनी थाना पहुंचा। दीपक के दाहिने हाथ, गले व कंधा में चोट आई है। आरोपी बैरागी मोहल्ले के रहने वाले बताए जा रहे हैं। छावनी पुलिस ने दीपक के भाई दिलेश्वर राव की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है। वहीं दीपक का निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। छावनी पुलिस ने इस मामले में बैरागी मोहल्ले के कुछ संदेही युवकों को हिरासत में लिया है, उनसे पूछताछ जारी है।

