कोटा कोचिंग करने गई छत्तीसगढ़ की छात्रा का मर्डर, ऑनलाइन गेम के जरिए गुजरात के युवक से हुई थी पहचान, उसी के साथ थी आखिरी बार

कोटा कोचिंग करने गई छत्तीसगढ़ की छात्रा का मर्डर, ऑनलाइन गेम के जरिए गुजरात के युवक से हुई थी पहचान, उसी के साथ थी आखिरी बार


कोटा कोचिंग करने गई छत्तीसगढ़ की छात्रा का मर्डर, ऑनलाइन गेम के जरिए गुजरात के युवक से हुई थी पहचान, उसी के साथ थी आखिरी बार 

बिलासपुर, 9 जून। 17 साल की स्टूडेंट की राजस्थान के कोटा में किडनैप कर हत्या कर दी गई है। छात्रा कोटा में 12वीं की पढ़ाई के साथ ही नीट की तैयारी कर रही थी। एक माह पहले ही उसने दाखिला लिया था। बताया जा रहा कि वह तीन दिन से लापता थी फिर उसकी लाश कोटा डैम के पास जंगल में मिली। छात्रा के सिर को पत्थर से कुचल कर हत्या की गई है। पता लगा है कि छात्रा की दोस्ती ऑनलाइन गेम के माध्यम से गुजरात के एक युवक से हुई थी। युवक तीन दिन पहले उससे मिलने पहुंचा और घुमाने के बहाने बाहर ले गया। वारदात के बाद से युवक गायब है।

मिली जानकारी के अनुसार बिलासपुर के यदुनंदन नगर में रहने वाले अमीन खान पेशे से ट्रांसपोर्टर हैं। उनकी इकलौती बड़ी बेटी आलिया खान (17 वर्ष) सेंट फ्रांसिस स्कूल की छात्रा थी। यहां 11वीं कक्षा तक पढ़ाई करने के बाद वह मेडिकल की तैयारी करने के लिए राजस्थान के कोटा गई। अमीन खान ने 25 अप्रैल को कोटा के न्यू राजीव गांधी नगर स्थित हॉस्टल में रहने की व्यवस्था की थी और एलिन इंस्टीट्यूट में दाखिला दिलाया था। आलिया 6 जून की हॉस्टल से कोचिंग जाने की बात कहकर निकली थी। छात्रा कोचिंग भी गई लेकिन हॉस्टल नहीं लौटी। जब लगातार उसका मोबाइल बंद मिला तब घबराए परिजन कोटा गए। 6 जून से आलिया का मोबाइल बंद था। इस बीच हॉस्टल से भी पिता के पास फोन आया कि आलिया कोचिंग से हॉस्टल नहीं लौटी है। इससे परेशान होकर पिता अपने व अन्य रिश्तेदारों को लेकर कोटा पहुंचे। वहां उन्होंने जवाहर नगर थाने में सूचना दी। इसके बाद पुलिस छात्रा की तलाश में जुट गई थी। नाबालिग लड़की के गायब होने पर पुलिस अपहरण की आशंका से जांच में जुट गई थी। उसके मोबाइल का लास्ट लोकेशन रावतभाटा में जवाहर सागर डैम के पास मिली। जहां पास ही जंगल भी है। पुलिस के साथ परिजन देर शाम तक जंगल में उसकी तलाश कर रहे थे। तभी कल देर रात जंगल से छात्रा की लाश को बरामद कर लिया गया।

परिजनों और हास्टल छात्राओं के बयान से पता लगा कि साल भर पहले गुजरात के युवक से उसकी दोस्ती हुई थी। वह मोबाइल में ऑनलाइन गेम खेलती थी तभी गुजरात के रहने वाले युवक से उसकी दोस्ती हो गई। इसके बाद से इंस्टाग्राम में दोनों आपस में चैट करने लगे। युवक 4 जून को गुजरात से कोटा आया था, जहां वह छात्रा से मिला। इसके बाद 6 जून को दोनों घूमने के लिए कोटा डेम की तरफ गए थे। इसके बाद छात्रा वापस नहीं लौटी और युवक का भी कुछ पता नहीं चला। कोटा में पिता अमीन को पुलिस ने बताया कि गुजरात के युवक की जानकारी मिली है लिहाजा टीम सुबह से ही उसे पकड़ने के लिए रवाना हो गई है।