हेमचंद यादव विश्वविद्यालय दुर्ग में माइग्रेशन एवं डिग्री प्राप्त करने स्टूडेंट्स 1 सितंबर से कर सकेंगे ऑनलाइन आवेदन,

<em>हेमचंद यादव विश्वविद्यालय दुर्ग में माइग्रेशन एवं डिग्री प्राप्त करने स्टूडेंट्स 1 सितंबर से कर सकेंगे ऑनलाइन आवेदन,</em>


दुर्ग 21 अगस्त । हेमचंद यादव विश्वविद्यालय दुर्ग में 1 सितंबर से माइग्रेशन सर्टिफिकेट तथा स्नातक एवं स्नातकोत्तर तथा पीएचडी की डिग्री प्राप्त करने हेतु सभी विद्यार्थी विश्वविद्यालय के पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन प्रस्तुत कर सकेंगे। इससे दूरदराज से आने वाले विद्यार्थियों को होने वाली कठिनाई का काफी हद तक निराकरण हो सकेगा। यह जानकारी देते हुए विश्वविद्यालय के अधिष्ठाता छात्र कल्याण, डाॅ. प्रशांत श्रीवास्तव ने बताया कि विश्वविद्यालय की कुलपति, डाॅ. अरूणा पल्टा ने आज विश्वविद्यालय में अधिकारियों की बैठक लेकर इस बात के निर्देश दिये।
उल्लेखनीय है कि नये शैक्षणिक सत्र में बड़ी संख्या में प्रवेश लेने वाले तथा बाहर के संस्थानों में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों को माइग्रेशन सर्टिफिकेट की आवश्यकता होने के कारण विश्वविद्यालय परिषद स्थित काउंटर पर विद्यार्थियों को लम्बी कतार में लगना पड़ता था जिसके कारण समय भी काफी लगता था तथा कभी-कभी वाद-विवाद की स्थिति भी निर्मित हो जाती थी। इस पर संज्ञान लेते हुए विश्वविद्यालय की कुलपति, डाॅ. अरूणा पल्टा ने प्रवेश एवं परीक्षा तथा पात्रता सर्टिफिकेट प्राप्त करने हेतु ऑनलाइन आवेदन की सुविधा उपलब्ध थी। इसी सुविधा का विस्तार करते हुए अब माइग्रेशन एवं उपाधि प्राप्ति हेतु भी ऑनलाइन व्यवस्था किए जाने के निर्देश दिये।
कुलपति कक्ष में आयोजित बैठक में कुलसचिव, भूपेन्द्र कुलदीप, अधिष्ठाता छात्र कल्याण, डाॅ. प्रशांत श्रीवास्तव, उपकुलसचिव, डाॅ. राजमणि पटेल, सहायक कुलसचिव, डाॅ. सुमीत अग्रवाल, हिमांशु शेखर मंडावी की उपस्थिति में कुलपति, डाॅ. पल्टा ने पुनर्मूल्यांकन एवं पुनर्गणना के प्रकरणों का निदान 31 अगस्त तक करवाये जाने के निर्देश भी दिये। डाॅ. पल्टा ने कहा कि विद्यार्थियों को पूरक परीक्षा संबंधी अपनी तैयारी जारी रखना चाहिए। शासन से पूरक परीक्षा संबंधी निर्देश प्राप्त होते ही पूरक परीक्षा के आयोजन की तिथियां शीघ्र घोषित की जायेंगीं।