शासकीय शिक्षिका के घर से लाखों के जेवरात पार, शादी में गया था परिवार
भिलाई नगर, 14 जून। शासकीय प्राथमिक शाला में शिक्षिका के कुम्हारी स्थित सूने मकान का ताला तोड़ अज्ञात चोर लाखों के गहने ले उडे़ हैं। शिक्षिका एक विवाह समारोह में शामिल होने परिवार समेत गई हुई थी और लौटने पर पता लगा कि चोर लंबा चूना लगा गए हैं। कुम्हारी पुलिस ने इस मामले में धारा 380, 457 के तहत जुर्म दर्ज कर मामले को विवेचना में लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार ग्राम चेटुवा कुम्हारी निवासी आरती वर्मा (43 वर्ष) शासकीय प्राथमिक शाला खेरधा जामुल में शिक्षक हैं। वो 12 जून को दोपहर 12 बजे बच्चे तथा पड़ोसी भाई दौलत राम मढ़रिया के परिवार सहित घर में ताला बंद कर शादी में मामी के घर भिलाई-3 गईं थीं। वहाँ से सुबह 8 बजे लूटने पर मेन गेट का ताला बाहर से लगा था। उसे खोलकर अंदर आईं तो घर का कुंदा मुडा़ मिला। अंदर जाकर देखने पर बेडरूम खुला था और दोनों आलमारी भी खुली मिली। सारा सामान बिखरा पड़ा था। लाकर का लाॅक टूटा था। कोई अज्ञात चोर घर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश कर घर में चोरी कर निकल चुका था। आलमारी में रखा सोने का नेकलेस डेढ़ तोला, सोने की 2 तोला का लॉकेट लगी चैन 8 ग्राम, एक सोने का सिक्का 10 ग्राम, 12 नग सोने की अंगूठी, कान की 6 नग बाली और टाप्स, चांदी का 4 ख़ानदानी सिक्का चोरी हो गया।

