थाना में पत्नी को मिठाई खिलाई, घर ला जबरदस्ती शराब पिलाने का प्रयास, मना करने पर भाभी के साथ मिलकर पीटा, एक साल से भिलाई में रह रही है पीड़िता
भिलाई नगर, 15 जून। दहेज प्रताड़ना से परेशान शराबी पति के खिलाफ महिला थाना में शिकायत बाद काउंसलिंग में पुलिस के सामने पत्नी को मिठाई खिला उसने वायदा किया कि भाभी से अब वह कोई संबंध न रखते हुए हमेशा पत्नी को खुश रखेगा। घर लाते ही प्रताड़ना का दौर और भी तेज हो गया। होली में पीड़िता को जबरन शराब पिलाने का प्रयास किया गया, मना करने पर पति और भाभी ने इतने थप्पड़ मारे कि कान का पर्दा फट गया। पीलिया होने पर इलाज के लिए अपने बाप से रूपये मंगवा कह कर ससुराल वाले उसे अस्पताल में छोड़ भाग आए। पिछले एक साल से पिता के घर रह रही महिला की रिपोर्ट पर पुलिस ने बलिया निवासी पति चंदन साहनी, सास ऋषा साहनी, जेठानी पूनम देवी, जेठ अशोक साहनी और देवर बब्बन साहनी के खिलाफ धारा 34 और 498-ए के तहत जुर्म दर्ज कर मामले को विवेचना में लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार दुर्गा पंडाल वार्ड नंबर 33, न्यू संतोषी पारा केम्प-2 भिलाई निवासी अवधकिशोर चौधरी की 24 वर्षीय पुत्री दहेज प्रताड़ना और ससुराल पक्ष के आतंक से परेशान हो जुलाई 2021 से पिता के घर रह रही है।
उसका विवाह बलिया निवासी चंदन साहनी के साथ 25 जून 2018 को भिलाई में सम्पन्न हुआ था। विवाह के समय घरेलू सामान और नगद रकम की मांग अनुरूप पलंग, ड्रेसिंग, वाशिंग मशीन, मिक्सर, आलमारी, बर्तन, पेटी, रजाई गद्दा, पंखा, कुर्सी बलिया में ही जाकर खरीदकर दिया गया। बारात ट्रेन से आई थी तो आने जाने का पूरा किराया भी दिया गया। नगद एक लाख रूपये दिए गए। ससुराल में पति चंदन का चरित्र प्रारंभ से ही संदेहजनक रहा। बिदाई के समय ट्रेन में ही पति चंदन अपनी भाभी पूनम के साथ मिलकर मजाक बनाते रहे। उसे जेठ के साथ बर्थ पर बैठाया गया।भाभी पूनम और सास ने दूसरे दिन से ही दिये गये सामानों को लेकर ताना मारना शुरू कर दिया। सब लगातार अपमानित करते रहते थे। बाद में पता लगा कि पति चंदन का भाभी पूनम से अवैध संबंध है जिसकी जानकारी घर में और मोहल्ले में सबको है। सास ने कहा तुमसे शादी करके वह सुधर जायेगा, संबंध पुराना है छूटने में समय लगेगा। पति देर रात तक और कभी कभी पूरी रात भाभी के साथ ही रहते थे। दोनो एक साथ बैठकर शराब पीते थे। जेठ बहुत बडे शराबी हैं और वे शराब के लिये कुछ भी कर सकते हैं। आपत्ति करने पर पति, जेठानी और जेठ अशोक उससे मारपीट किया करते थे। वर्ष 2020 में जब उसने अपनी समस्या माता पिता को बतायी तब माता और भाई ससुरालियों को समझाने आए और लाक डाउन में लगभग 3 माह उसके ससुराल में ही रहे। पति चंदन प्रायवेट बैंक में गोरखपुर उत्तरप्रदेश में काम करता है, शनिवार को आता और भाभी के साथ रहता। पिता के द्वारा दिए रूपये से वह अपना खर्च वहन करती रही। देवर की भी नीयत ठीक नहीं थी। वह अपने साथ शादी का दबाव बनाता था। होली त्यौहार में उसे जबरन शराब पीने कहा गया, मना करने पर पति और भाभी ने मिलकर इतना मारा कि मेरे कान का पर्दा फट गया। जिसकी शिकायत महिला थाना बलिया में करने पर वहां काउंसलिंग में पति ने स्वीकार किया तथा लिखकर दिया कि भाभी पूनम देवी से कोई मतलब व बातचीत नहीं करेगा और पत्नी की हर इच्छा पूरी करूंगा। बलिया जिले के महिला थाना में थाना प्रभारी के निर्देश पर दोनो ने एक दूसरे को मिठाई खिलाई।ससुराल आए तो पंचायत हुई तब पति ने बोला कि मैं ठीक से रखूंगा। उसे जब पीलिया हुआ तो ससुराल वाले अस्पताल छोड़कर भाग गए। उस पर पिता से एक लाख मंगाने लगातार दबाव बनाते रहे। अस्पताल में पडोसी की मदद से पिता को फोन किया। उसके बाद पति ने जबरदस्ती भिलाई लाकर छोड़ दिया और बोला कि जब एक लाख रूपये हो जाएँगे तब तुम घर आना नहीं तो अपने मायके में ही रहो। कई प्रयास के बाद भी सुधार न होने पर पीड़िता द्वारा भिलाई में एफआईआर दर्ज करवाई गई है।

