दुर्ग 9 अगस्त । हेमचंद यादव विश्वविद्यालय दुर्ग की पूरक परीक्षा 2023 सितंबर माह में संभावित है। पूरक परीक्षा में आवेदन करने हेतु विश्वविद्यालय दुर्ग द्वारा ऑनलाइन पोर्टल एक बार पुनः खोला जायेगा। इससे पूर्व विश्वविद्यालय प्रशासन यह प्रयास कर रहा है कि अगस्त माह के अंत तक सभी पुनर्मूल्यांकन एवं पुनर्गणना के नतीजे घोषित कर दिये जाये। इस आशय के निर्देश विश्वविद्यालय की कुलपति, डाॅ. अरूणा पल्टा ने आज अधिकारियों की बैठक लेकर दिये। डाॅ. पल्टा ने कहा कि पूरक परीक्षा की पात्रता रखने वाले अधिकांश विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय के पोर्टल पर ऑनलाइन रूप से आवेदन कर दिया है। इसके अलावा भी यदि कोई विद्यार्थी शेष रह गया है तो उसके लिए तथा छत्तीसगढ़ शासन द्वारा पूरक परीक्षा संबंधी कोई निर्देश जारी होते है तो उसके अनुरूप विश्वविद्यालय का पूरक परीक्षा हेतु ऑनलाइन पोर्टल 05 दिनों के लिए पुनः खोला जायेगा।
डाॅ. पल्टा ने पूरक परीक्षा की पात्रता रखने वाले सभी विद्यार्थियों से आग्रह किया है कि वें अपना अध्ययन जारी रखे जिससे पूरक परीक्षा में उन्हें सफलता प्राप्त हो सकें। विद्यार्थी अपना अध्ययन उचित रूप से नहीं करते है तथा खराब परीक्षा परिणाम आने पर संपूर्ण समाज को दिग्भ्रमित करते हैं। डाॅ. पल्टा ने विद्यार्थियों से आग्रह किया कि यदि वें स्वयं कड़ी मेहनत करेंगे तो उन्हें विश्वविद्यालय में आकर अनावश्यक प्रदर्शन करने की आवश्यकता ही नहीं पड़ेगी। डाॅ. पल्टा के अनुसार विश्वविद्यालय प्रशासन विद्यार्थियों के हितों का संरक्षण करने हेतु सदैव प्रयासरत् रहता है।
विश्वविद्यालय के अधिकारियों ने बैठक में कुलपति को जानकारी दी कि इस वर्ष बीते वर्षो के तुलना में इस वर्ष पुनर्मूल्यांकन एवं पुनर्गणना हेतु बड़ी संख्या में आवेदन प्राप्त हुए हैं। विश्वविद्यालय के लगभग 30 कर्मचारी प्रतिदिन इन आवेदनों की उत्तर पुस्तिकाओं को छांटकर विश्वविद्यालय के बाहर के परीक्षकों के पास मूल्यांकन हेतु भेज रहे हैं। प्रतिदिन विभिन्न कक्षाओं के पूनम मूल्यांकन एवं पुनर्गणना के नतीजे विश्वविद्यालय द्वारा जारी किये जा रहे है। विश्वविद्यालय द्वारा स्नातकोत्तर सेमेस्टर परीक्षाओं के 03 और परिणाम जारी कर दिये गये है। इन्हें मिलाकर कुल 29 परीक्षा परिणाम घोषित किये जा चुके हैं। परीक्षा उपकुलसचिव, डाॅ. राजमणि पटेल के अनुसार एमएससी चतुर्थ सेमेस्टर रसायन शास्त्र में शामिल 456 परीक्षार्थियों में 401 परीक्षार्थी पास रहे जिनका परीक्षा परिणाम 88 प्रतिशत रहा। एम काॅम द्वितीय सेमेस्टर में शामिल 815 में से 568 परीक्षार्थी पास रहे तथा 229 परीक्षार्थियों को एटीकेटी की पात्रता मिली है। इनका परीक्षा परिणाम 70 प्रतिशत रहा। एम काॅम चतुर्थ सेमेस्टर में शामिल 806 में से 732 परीक्षार्थी उत्तीर्ण रहे तथा 27 परीक्षार्थियों को एटीकेटी की पात्रता मिली है। इनका परीक्षा परिणाम 91 प्रतिशत रहा।

