दुर्ग रेलवे स्टेशन पर इलेक्ट्रिक लोको पटरी से उतरा, देर रात अफरा तफरी
भिलाई नगर, 19 जून। दुर्ग रेलवे स्टेशन में कल देर रात इलेक्ट्रिक लोको डिरेल हो गई। घटना शनिवार आधी रात के बाद लगभग 2 से 3 बजे के बीच की बताई जा रही है। हादसा उस समय हुआ जब लोको की संटिंग की जा रही थी। इस समय एक इलेक्ट्रिक लोको के सामने का पहिया पटरी से उतर गया। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। लोको के डिरेल की सूचना के बाद स्टेशन में हड़कंप मच गया। मौके पर अधिकारी पहुंच गए और जांच शुरू कर दी। रात में लोको को पटरी पर नहीं लाया जा सका। सुबह रेलवे की तकनीकी टीम पहुंची और इलेक्ट्रिक लोको को वापस पटरी पर लाया गया।
गौरतलब हो कि जिस समय लोको डिरेल हुई स्टेशन में यात्रियों की भीड़ काफी कम थी। घटना की सूचना मिलते ही अफरा-तफरी मच गई। डिरेल के कारण वॉशिंग लाइन प्रभावित हुई लेकिन अन्य ट्रेनों की आवाजाही में किसी प्रकार का व्यवधान नहीं आया।
स्टेशन प्रबंधक ने बताया कि संटिंग के दौरान लोको डिरेल हुई है, ट्रेन की गति काफी धीमी होने के कारण कोई नुकसान नहीं हुआ। तकनीकी टीम लोको ने सुबह प्रयास कर वापस पटरी पर लाया है।

