पुरस्कार जीवन में आत्मविश्वास वृद्धि में सहायक- डाॅ. पल्टा, हेमचंद यादव विश्वविद्यालय दुर्ग एवं आईसीएसआई के संयुक्त आयोजन के तहत सिग्नेचर अवार्ड वितरित

<em>पुरस्कार जीवन में आत्मविश्वास वृद्धि में सहायक- डाॅ. पल्टा, हेमचंद यादव विश्वविद्यालय दुर्ग एवं आईसीएसआई के संयुक्त आयोजन के तहत सिग्नेचर अवार्ड वितरित</em>


दुर्ग 29 जुलाई । पुरस्कार जीवन में आत्मविश्वास वृद्धि में सहायक होता है विद्यार्थियों को सदैव ऐसे उत्कृष्ट कार्य एवं अध्ययन करना चाहिए कि वे पुरस्कृत हों ये उद्गार हेमचंद यादव विश्वविद्यालय दुर्ग की कुलपति, डाॅ. अरूणा पल्टा ने व्यक्त किये। डाॅ. पल्टा आज इंस्टीट्यूट आॅफ कम्पनी सेक्रेटरीज, नई दिल्ली एवं हेमचंद यादव विश्वविद्यालय के मध्य हुए एमओयू के अंतर्गत सत्र 2022-23 की वार्षिक परीक्षा में 03 सर्वोच्च अंक प्राप्त विद्यार्थियों को सिग्नेचर अवार्ड प्रदान करने हेतु आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में बोल रही थीं। डाॅ. पल्टा ने कहा कि कड़ी मेहनत एवं लगन के अलावा सफलता का कोई दूसरा रास्ता नहीं है।

कल्याण स्नातकोत्तर महाविद्यालय, सेक्टर 07 भिलाई नगर के सभागार में आयोजित इस सिग्नेचर अवार्ड समारोह के साथ-साथ आईसीएसआई संस्था के विषय-विषेषज्ञों आशुतोष खेमानी एवं  आलोक मिश्रा आईसीएसआई चेप्टर रायपुर ने कंपनी लाॅ विषय पर अत्यंत ज्ञानवर्धक व्याख्यान दिया। समारोह में उपस्थित लगभग दो सौ से अधिक विद्यार्थियों ने अनेक प्रश्न पुछकर अपनी जिज्ञासा का समाधान किया।
सरस्वती पूजन एवं छत्तीसगढ़ी राज्यगीत के प्रस्तुतिकरण के साथ आरंभ हुए समारोह में कार्यक्रम संचालक, डाॅ. प्रशांत श्रीवास्तव, अधिष्ठाता छात्र कल्याण ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए सिग्नेचर अवार्ड की महत्ता तथा एमओयू की विस्तृत जानकारी दी।

कल्याण महाविद्यालय के प्राचार्य डाॅ. आर पी अग्रवाल ने स्वागत भाषण तथा विश्वविद्यालय के कुलसचिव, भूपेन्द्र कुलदीप ने धन्यवाद ज्ञापन किया। सिग्नेचर अवार्ड में 2022-23 में विश्वविद्यालय में बीकाॅम अंतिम में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली सेंट थाॅमस काॅलेज भिलाई की छात्रा कुमारी भावना भंडारी को स्वर्ण पदक एवं प्रशस्ति प्रत्र प्रदान किया गया। द्वितीय स्थान पर रही छात्रा शासकीय वा.वा. पाटणकर कन्या महाविद्यालय, दुर्ग की कुमारी खुशी मिश्रा एवं तृतीय स्थान पर रही छात्रा सेंट थाॅमस काॅलेज  भिलाई पूर्णिमा उपाध्याय को प्रावीण्यता प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। समारोह में लगभग 200 से अधिक वाणिज्य संकाय के विद्यार्थी तथा विभिन्न  महाविद्यालयों के 50 से अधिक प्राध्यापक तथा आईसीएसआई रायपुर एवं भिलाई चेप्टर के समस्त अधिकारी उपस्थित थे ।


समारोह के दौरान शासकीय खूबचंद बघेल स्नातकोत्तर महाविद्यालय वाणिज्य की सहायक प्राध्यापक, डाॅ. दिप्ती बघेल, आईसीएफएआई यूनिवर्सिटी की डाॅ. आरची दुबे एवं मेटस् विश्वविद्यालय रायपुर की डाॅ. भावना नारायण एवं डाॅ. शर्मिला शरद मोरे द्वारा संयुक्त रूप से लिखी गई भारतीय समाज में लैंगिक असामनता विषय पर संपादित पुस्तक का विमोचन कुलपति एवं समस्त अतिथियों ने किया। इस पुस्तक की सभी ने सराहना की। कार्यक्रम में अतिथियों  का स्वागत करने वाले लोगों में कल्याण काॅलेज के प्राचार्य डाॅ. आर. पी. अग्रवाल, उपप्राचार्य डाॅ. पुष्पलता शर्मा वरिष्ठ प्राध्यापक, डाॅ. पी.एस. शर्मा, डाॅ. गुणवंत चन्द्रोल, डाॅ. शबाना आदि शामिल थे।