दुर्ग 23 जुलाई । हेमचंद यादव विश्वविद्यालय एवं इंस्टीट्यूट ऑफ कंपनी सेक्रेटरीज ऑफ इंडिया दिल्ली के मध्य हुए एमओयू के अंतर्गत सत्र 2022-23 की वार्षिक परीक्षा में बीकाॅम अंतिम परीक्षा में सर्वोच्च अंक प्राप्त विद्यार्थी को सिग्नेचर अवार्ड से सम्मानित किया जायेगा। इस अवार्ड के तहत पदक एवं प्रमाणपत्र वितरित किया जायेगा। यह जानकारी देेते हुए विश्वविद्यालय के कुलसचिव, भूपेन्द्र कुलदीप एवं अधिष्ठाता छात्र कल्याण, डाॅ. प्रशांत श्रीवास्तव ने संयुक्त रूप से बताया कि समारोह कल्याण महाविद्यालय, सेक्टर 07 के सभागार में 27 जुलाई को दोपहर 11ः45 बजे आयोजित किया जायेगा।
इस समारोह में सिगनेचर अवार्ड प्रदान किये जाने के साथ-साथ आईसीएसआई के विषेषज्ञों द्वारा वाणिज्य विषय से संबंधित महत्वपूर्ण टॉपिक जैसे- कम्पनी लाॅ एवं व्यक्तित्व विकास पर आमंत्रित व्याख्यान भी आयोजित किया जायेगा। इस समारोह की मुख्य अतिथि हेमचंद यादव विश्वविद्यालय दुर्ग की कुलपति, डाॅ. अरूणा पल्टा होंगी तथा विशिष्ट अतिथि आईसीएसआई, होंगे। डाॅ. श्रीवास्तव ने बताया दुर्ग भिलाई महाविद्यालयों के वाणिज्य संकाय की कक्षा बीकाॅम अंतिम एवं एमकाॅम के लगभग 250 छात्र-छात्राएं हिस्सा लेंगे।
डाॅ. श्रीवास्तव ने बताया कि प्रत्येक महाविद्यालय से वाणिज्य संकाय के एक-एक प्रभारी प्राध्यापक को भी समारोह में शामिल होने हेतु आमंत्रित किया गया है। इस बीच विश्वविद्यालय द्वारा वार्षिक परीक्षा 2023 से संबंधित समस्त 56 कक्षाओं के परीक्षा परिणाम घोषित कर दिये गये है। अपने अंकों से संतुष्ट न होने पर परीक्षाफल घोषित होने के 15 दिन के अंदर विद्यार्थी पुनर्मूल्यांकन के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन अगस्त माह में पूरक परीक्षा आयोजित कर उसके परिणाम शीघ्र घोषित करने हेतु प्रयासरत है। जिससे विद्यार्थियों के अध्ययन कार्य में कोई विलंब न हों।

