सीजी न्यूज आनलाईन डेस्क, 14 जुलाई। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने देश भर के सरकारी और निजी मेडिकल कॉलेजों में वर्ष 2019 बैच के इस साल फाइनल ईयर के स्टूडेंट्स के डिग्री पास करने, आगे की पढ़ाई के लिए पीजी डिग्री और डिप्लोमा में एडमिशन और मेडिकल प्रैक्टिस के लिए जरूरी किए गए नेशनल एग्जिट टेस्ट (NEXT) पर फिलहाल रोक लगा दी है। इस परीक्षा का आयोजन राष्ट्रीय आयुर्विज्ञान आयोग (NMC) की तरफ से एम्स दिल्ली द्वारा इस साल दिसंबर में किया जाना था। इसके साथ ही मॉक टेस्ट का आयोजन 28 जुलाई 2023 को होना था।

आपको बता दें कि फैडरेशन ऑफ रेसिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन (Forda ) इंडिया ने ट्वीट कर कहा कि हम केंद्रीय स्वास्थ्य एवं – परिवार कल्याण मंत्रालय और स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया व अनिल राधा आदित्य को सही समय पर समस्या सुलझाने के लिए धन्यवाद देते हैं। हमें उम्मीद है कि आगामी मसौदा सभी आईएमजी और एफएमजी छात्रों के लिए अधिक अनुकूल और तर्कसंगत होगा। इसे तय करने के लिए हम नेशनल मेडिकल कमीशन और केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के माथ केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के साथ मिलकर काम कर रहे हैं।”
गौरतलब हो कि स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा AIIMS NEXT 2023 पर रोक लगाए जाने की जानकारी एनएमसी द्वारा 13 जुलाई 2023 को दी गई। एनएमसी ने अपने नोटिस में जानकारी दी है कि इस परीक्षा को मंत्रालय के अगले आदेश तक के लिए टाल दिया है।
विदित है कि एमबीबीएस डिग्री क्वालिफाई करने के साथ-साथ प्रैक्टिस करने के लिए NEXT को लागू किया गया था। साथ ही पोस्ट ग्रेजुएट डिग्री और डिप्लोमा कोर्सेस में एडमिशन के लिए नीट पीजी के बजाय NEXT स्कोर को आधार लिया जाना था। इसके आलावा ऐसे स्टूडेंट्स जो विदेशों से मेडिकल डिग्री लेकर भारत में प्रैक्टिस करना चाहते हैं, उनके लिए भी NEXT परीक्षा कंप्लसरी थी। एनएमसी द्वारा NEXT परीक्षा के मॉक टेस्ट का नोटिफिकेशन जारी किए जाने के बाद से ही देश भर के मेडिकल स्टूडेंट्स इसका विरोध कर रहे थे।

