बोरी में बंद सुलभ शौचालय के गटर में मिला युवती का शव, सिर एवं शरीर में चोट के निशान हत्या की आशंका, बॉडी 1 सप्ताह पुरानी
भिलाई नगर 23 जून। नेवई थाना क्षेत्र के अंतर्गत सुलभ शौचालय के गटर में बोरी में बंद युवती की लाश मिली है । शव एक हफ्ता पुराना होना पाया गया है। सिर एवं शरीर में चोट के निशान भी मिले हैं पुलिस ने हत्या की संभावना व्यक्त की है। फिलहाल पुलिस के द्वारा मर्ग कायम कर विवेचना में लिया है।

नेवई पुलिस ने बताया कि आज दोपहर को 12:30 बजे के करीब सफाई कर्मचारियों ने सूचना दी कि साफ सफाई के दौरान स्टेशन मरोदा शीतला पारा मोहल्ला स्थित सुलभ शौचालय के गटर में बोरे में बंद एक महिला की लाश मिली है। सूचना मिलते ही नेवई थाना प्रभारी ममता अली शर्मा दल बल के साथ मौका स्थल पर पहुंची। बोरे में बंद युवती के शव को बाहर निकाला गया । मोहल्ले वासियों के प्रयास से युवती की शिनाख्त भाना बाई साहू उम्र 35 से 40 वर्ष के रूप में की गई। अकेले ही स्टेशन मरोदा में रहती थी। विगत तीन-चार दिनों से उसका अता पता नहीं था। अकेले ही रहने के कारण पुलिस तक गुमशुदगी की जानकारी नहीं पहुंची थी। मोहल्ले वासियों ने पुलिस को बताया कि बीच-बीच में घूमने चले जाने के कारण 3 से 4 दिनों तक अता पता नहीं रहता था। पुलिस के द्वारा मृतक युवती के माता-पिता निवासी गुरुर से संपर्क किया गया एवं उन्हें बुलाया गया ताकि युवती के संबंध में अन्य जानकारियां एकत्रित की जा सके । पुलिस ने बताया कि करीब 1 सप्ताह पूर्व का शव है । शरीर में सिर एवं अन्य भाग में चोट के निशान मिले हैं। पुलिस के द्वारा महिला के हत्या की आशंका व्यक्त की गई है। फिलहाल पंचनामा कार्रवाई के पश्चात शव को पीएम के लिए भेजा गया है। पीएम रिपोर्ट आने के पश्चात ही जांच की जाएगी।

