प्रयागराज से बिलासपुर आ रही यात्री बस खाई में गिरी, दो बच्ची की मौत, 20 से ज्यादा यात्री घायल

प्रयागराज से बिलासपुर आ रही यात्री बस खाई में गिरी, दो बच्ची की मौत, 20 से ज्यादा यात्री घायल


प्रयागराज से बिलासपुर आ रही यात्री बस खाई में गिरी, दो बच्ची की मौत, 20 से ज्यादा यात्री घायल

कबीरधाम, 26 जून। कुकदूर- बजाग मुख्य मार्ग पर आगरपानी मोड़ पर तेज रफ्तार यात्री बस बेकाबू होकर खाई में गिर गई। दुर्घटनाग्रस्त बस में दबने से दो बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई जबकि 20 से ज्यादा यात्री घायल हो गए हैं। मौत की पुष्टि कुकदूर पुलिस ने की है। घटना शनिवार शाम करीब साढ़े 5 बजे की बताई जा रही है। 

जानकारी के मुताबिक नंदिनी ट्रैवल्स की बस क्रमांक एमपी 19 पी 2356 प्रयागराज से सवारी लेकर बिलासपुर आ रही थी। बस में करीब 60 यात्री सवार थे। तेज रफ्तार बस आगरपानी मोड़ पर बेकाबू होकर खाई में गिर गई। हादसे के बाद दुर्घटनाग्रस्त बस में फंसे यात्रियों की चीख-पुकार मच गई। दूसरा कोई विकल्प न देख फंसे लोग खुद बाहर निकलने की कोशिश करते रहे। लगभग सभी लोग बाहर आ गए लेकिन दो बच्ची दुर्घटनाग्रस्त बस के नीचे दबी हुई मिली। पुलिस के मुताबिक दोनों की मौत हो चुकी है। शवों को निकालने के लिए पुलिस ने क्रेन बुलाया और देर रात तक शवों को निकाला गया। घायलों को उपचारार्थ अस्पताल ले जाया गया है। 

आगरपानी मोड़ पर जहां हादसा हुआ, वह कुकदूर से महज 10 किलोमीटर दूर है। मौसम खराब होने से मोबाइल नेटवर्क की दिक्कत थी। इस कारण पुलिस को देर से सूचना मिली। हादसे के करीब 1 घंटे बाद पुलिस, एंबुलेंस घटनास्थल पर पहुंची। घायलों को एंबुलेंस की मदद से कुकदूर और पंडरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। बस में सवार ज्यादातर लाेग बिलासपुर, जांजगीर, मुंगेली जिले के रहने वाले हैं।