हेमचंद यादव विश्वविद्यालय दुर्ग में 51804 सीट के एवज में अंतिम तिथि तक 63470 आवेदकों ने किया प्रवेश हेतु ऑनलाइन आवेदन, कटऑफ लिस्ट कल, 20 जून तक लेना होगा प्रवेश

<em>हेमचंद यादव विश्वविद्यालय दुर्ग में 51804 सीट के एवज में अंतिम तिथि तक 63470 आवेदकों ने किया प्रवेश हेतु ऑनलाइन आवेदन, कटऑफ लिस्ट कल, 20 जून तक लेना होगा प्रवेश</em>


दुर्ग 15 जून । हेमचंद यादव विश्वविद्यालय दुर्ग में स्नातक स्तर के प्रवेश पोर्टल 15 जून को रात 12ः00 बजे बंद हो जाएगा । इसके पश्चात् 16 जून से 100 प्रतिशत सीटों हेतु महाविद्यालयों में प्रवेश की प्रथम सूची जारी होगी। प्रवेश पोर्टल बंद होने के अंतिम दिन तक कुल 63470 विद्यार्थियों ने विभिन्न संकायों एवं महाविद्यालयों में प्रवेश हेतु आवेदन किया है। सत्र 2023-24 में स्नातक स्तर पर प्रथम वर्ष में स्वशासी महाविद्यालयों को छोेड़कर कुल 51804 सीटें है। सर्वाधिक आवेदन वार्षिक परीक्षा पद्धति वाले महाविद्यालयों में से शासकीय महाविद्यालयों हेतु प्राप्त हुए हैं। निजी महाविद्यालयों में प्रवेश हेतु वर्तमान में विद्यार्थियों की प्राथमिकता दूसरे नंबर पर है। प्रत्येक विद्यार्थी को अपनी इच्छानुसार 05 महाविद्यालयों को चयनित करने की सुविधा विश्वविद्यालय द्वारा प्रदान की गई थी। यह जानकारी देते हुए विश्वविद्यालय के कुलसचिव, भूपेन्द्र कुलदीप एवं अधिष्ठाता छात्र कल्याण, डाॅ. प्रशांत श्रीवास्तव ने संयुक्त रूप से बताया अभी तक अंग्रेजी माध्यम के दो महाविद्यालय शासकीय माॅडल काॅलेज, धनोरा, दुर्ग तथा शासकीय माॅडल काॅलेज, सोमनी राजनांदगांव हेतु बीएससी प्रथम वर्ष में 409, बीकाॅम प्रथम वर्ष में 267 तथा बीसीए में 156 आवेदन पत्र प्राप्त हुए है।
डाॅ. श्रीवास्तव ने बताया कि 16 जून को सभी महाविद्यालयों में प्रथम मेरिट सूची गुणानुक्रम के आधार पर जारी की जायेगी। जिन विद्यार्थियों ने 15 जून तक ऑनलाइन रूप से आवेदन नहीं किया है। उनका नाम प्रथम प्रवेश सूची में शामिल नहीं किया जायेगा। विद्यार्थियों को प्रथम प्रवेश सूची जारी होने के पश्चात् एक निश्चित समय अवधि महाविद्यालयों द्वारा प्रदान की जायेगी। जिसमें प्रवेश सूची में नाम वाले विद्यार्थियों को निर्धारित शुल्क के साथ-साथ भौतिक रूप से अपने मूल दस्तावेजों जैसे दसवीं बारहवीं की मार्कशीट जाति, निवास, स्थानांतरण प्रमाण पत्र, चरित्र प्रमाण पत्र तथा सीबीएसई एवं आईसीएसई परीक्षा उतीर्ण माइग्रेशन सर्टिफिकेट जमा करना अनिवार्य होगा। प्रथम मेरिट सूची में उल्लेखित आवेदकों की प्रवेश प्रक्रिया की अंतिम तिथि 20 जून होगी। जिन विद्यार्थियों का किसी महाविद्यालय में प्रवेश हो जायेगा महाविद्यालय द्वारा सूचित करने पर उनका नाम विष्वविद्यालय के पोर्टल से हटा दिया जायेगा।