गांव में शराब क्यों बिकवा रहे-सवाल करते हुए शराबी ने सरपंच को पीटा,
00 भिलाई-3 के अमेरी गांव का मामला
भिलाई नगर, 9 जुलाई। कल शाम भिलाई-3 थाना अंतर्गत अमेरी गांव के सरपंच को एक ग्रामीण ने जमकर पीट दिया। बताया गया कि ग्रामीण शराब के नशे में था और गांव में शराब बिकवाने के नाम पर वह सरपंच से ख़फा था। सरपंच की रिपोर्ट पर पुरानी भिलाई पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 294, 323, 506 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले को विवेचना में लिया है।
मिली जानकारी के मुताबिक ग्राम अमेरी का सरपंच बलराम सूर्यवंशी (40 वर्ष) निवासी स्कूल पारा कल शाम गांव के लोगों के साथ चौपाल के पास बैठा था तभी उसी गांव का हेमंत पिता टेकराम आया और सरपंच से बोलने लगा कि तुम गांव में शराब क्यों बिकवाते हो? वह गाली गलौज करने लगा और सरपंच का काॅलर पकड़ उसे मारने लगा। मारपीट से सरपंच की कोहनी और कमर में पीछे चोट आई है। मौके पर मौजूद सतीश और कबीर ने बीच बचाव कर सरपंच को हेमंत से छुड़वाया और सरपंच ने रात में थाना पहुंच रिपोर्ट दर्ज करवायी है।

