सीजी न्यूज आनलाईन डेस्क, 5 मई। भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के अधिकारी छवि रंजन को प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने कथित अवैध भूमि सौदों में संलिप्तता के सिलसिले में दिन भर की पूछताछ के बाद कल गिरफ्तार कर लिया है। ईडी के एक अधिकारी ने यह जानकारी देते हुए बताया कि झारखंड काडर के 2011 बैच के अधिकारी को ईडी की हिरासत में ले लिया गया है। आपको बता दें कि खबर यह भी मिली है कि राज्य के समाज कल्याण विभाग में निदेशक रंजन अपराह्न करीब पौने 11 बजे जांच एजेंसी के कार्यालय पहुंचे थे और 10 घंटे की पूछताछ के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
वैसे रंजन के वकील अभिषेक कृष्ण गुप्ता ने उनसे मुलाकात करने के बाद पत्रकारों से कहा कि मुझे उनकी गिरफ्तारी की कोई जानकारी नहीं है।
अधिकारियों के मुताबिक रंजन की पत्नी भी यहां ईडी के क्षेत्रीय कार्यालय पहुंचीं हुईं थीं जबकि सदर अस्पताल से मेडिकल टीम उनकी जांच के लिए पहुंची है। सूत्र बता रहे हैं कि ईडी आज आईएएस को कोर्ट में पेश उनकी ईडी रिमांड का अनुरोध कर सकती है। इस मामले के जांच अधिकारी ने धन शोधन रोकथाम अधिनियम (पीएमएलए) के प्रावधानों के तहत आईएएस अधिकारी का बयान भी दर्ज किया है। ईडी ने कथित अवैध भूमि सौदों में धन शोधन जांच के सिलसिले में रंजन से 24 अप्रैल को भी लगभग 10 घंटे तक पूछताछ की थी। एजेंसी ने रंजन से 13 अप्रैल को भी संक्षिप्त पूछताछ की थी, जब इस मामले में उनके और झारखंड, बिहार और पश्चिम बंगाल में कुछ अन्य लोगों के परिसरों में तलाशी ली गई थी। ईडी ने इससे पहले इन छापेमारी के बाद झारखंड सरकार के एक अधिकारी समेत कुल सात लोगों को गिरफ्तार किया था। केंद्रीय एजेंसी ईडी सेना की भूमि सहित एक दर्जन से अधिक भूमि सौदों की जांच कर रही है जिसमें भू माफिया, बिचौलियों और नौकरशाहों ने कथित साठगांठ कर जाली रजिस्ट्री कराई है। यह दूसरा मामला है जिसमें झारखंड काडर का कोई आईएएस अधिकारी ईडी की जांच के दायरे में आया है। एजेंसी ने पिछले साल आईएएस अधिकारी पूजा सिंघल को धन शोधन मामले में गिरफ्तार किया था।
पक्की खबर 🛑 जमीन सौदे में संलिप्तता 🛑 ED ने कल देर रात एक और IAS अफसर को किया गिरफ्तार 🛑 आज कोर्ट में कर सकती है पेश

