दुर्ग 18 अप्रैल । हेमचंद यादव विश्वविद्यालय दुर्ग के 24 अप्रैल को शाम 3ः00 बजे आयोजित होेने वाले प्रथम दीक्षांत समारोह में निकलने वाली शोभायात्रा के दौरान पहनी जाने वाली पगड़ी को स्वर्ण पदक विजेताओं पीएचडी उपाधि धारकों कार्य परिषद एवं विद्या परिषद के सदस्यों को विश्वविद्यालय द्वारा निशुल्क उपलब्ध कराया जायेगा। यह जानकारी देते हुए विश्वविद्यालय के अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ प्रशांत श्रीवास्तव ने बताया कि विश्वविद्यालय की कुलपति, डाॅ. अरूणा पल्टा द्वारा दीक्षांत समारोह की तैयारियों के संबंध में समस्त अधिकारियों की बैठक के दौरान सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए कुलपति, डाॅ. पल्टा ने बताया कि 24 अपै्रल बीआईटी, दुर्ग के ऑडिटोरियम में आयोजित होने वाले प्रथम दीक्षांत समारोह में हेमचंद यादव विश्वविद्यालय दुर्ग के पूर्व कुलपतियों, कुलसचिवगण, छत्तीसगढ़ के विभिन्न विश्वविद्यालय के वर्तमान कुलपतिगण, कुलसचिवगण, जिला प्रशासन के अधिकारी अग्रणी महाविद्यालयों के प्राचार्य स्वर्ण पदक दानदातागण, कार्य परिषद एवं विद्या परिषद सदस्यगण, विभिन्न संकायों के डीन तथा प्रिंट एवं इलेक्ट्राॅनिक मीडिया से जुड़े पत्रकारों हेतु स्थान आरक्षित रखे जायेंगे। स्थानाभाव के कारण पालकों हेतु दीक्षांत समारोह के यूट्यूब पर सीधा प्रसारण की व्यवस्था की जा रही है। अधिकारियों की बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि दिनांक 24 अप्रैल को आयोजित होने वाले दीक्षांत समारोह के एक दिन पूर्व अर्थात 23 अप्रैल को पूरे समारोह का रिहर्सल किया जायेगा। जिसमें स्वर्ण पदक विजेताओं एवं पीएचडी उपाधि धारकों को दीक्षांत समारोह में हिस्सा लेने संबंधी संपूर्ण प्रक्रिया से अवगत कराया जायेगा। रिहर्सल में कुलपति, कुलसचिव सहित समस्त अधिकारी उपस्थित रहेंगे।
स्वर्ण पदक विजेता एवं पीएचडी उपाधि धारकों को विश्वविद्यालय निशुल्क प्रदान करेगा पगड़ी, 23 अप्रैल को होगी रिहर्सल

