दुर्ग 2 मार्च । हेमचंद यादव विश्वविद्यालय दुर्ग की 13 मार्च से आरंभ हो रही ऑफलाइन वार्षिक परीक्षा 2023 में इस वर्ष एक लाख 64 हजार विद्यार्थी शामिल होंगे। यह संख्या गत वर्ष की ऑनलाइन परीक्षा में शामिल परीक्षार्थियों की संख्या से लगभग 32 हजार कम है। यह जानकारी देते हुए विश्वविद्यालय के परीक्षा उप कुलसचिव राजमणि पटेल ने बताया कि इस फोर्स सर्वाधिक परीक्षार्थी 74964 बीए की परीक्षा में शामिल हो रहे है। दूसरे नंबर पर बीएससी की परीक्षा में 33893 परीक्षार्थी शामिल होंगे जबकि बीकाॅम की परीक्षा में 22057 परीक्षार्थी परीक्षा में बैठेंगे। डाॅ. पटेल ने बताया कि स्वाध्यायी परीक्षार्थी के रूप में एमए/एमएससी गणित में 740 एमए अर्थशास्त्र में 1391, एमए अंग्रेजी में 4082, एमए भूगोल में 377, एमए हिन्दी में 6394, एमए इतिहास में 905, एमए राजनीति शास्त्र में 5068, एमए मनोविज्ञान में 238, एमए लोक प्रशासन में 143, एमए संस्कृत में 483, एमए समाजशास्त्र में 6665, तथा एमकाॅम प्राइवेट में 2990 एवं एम.ए दर्शनशास्त्र में 52 परीक्षार्थियों ने परीक्षा में शामिल होने हेतु ऑनलाइन आवेदन किया है।
डाॅ. राजमणि पटेल ने बताया कि इन सभी कक्षाओं के परीक्षा हेतु विश्वविद्यालय द्वारा ऑनलाइन रूप से प्रवेश पत्र जारी कर दिये गये है जिसे विद्यार्थी डाउनलोड कर सकते हैं। इसके अलावा समस्त परीक्षा केन्द्रों पर उत्तर पुस्तिकाएं तथा अन्य आवश्यक सामग्री भी प्रेषित कर दी गई है। डाॅ. पटेल के अनुसार 25 फरवरी को विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित सभी कक्षाओं की वार्षिक परीक्षा संबंधी प्रायोगिक परीक्षाएं समाप्त हो चुकी हैं। इन प्रायोगिक परीक्षाओं के तथा आंतरिक मूल्यांकन के अधिकांश प्राप्तांक विश्वविद्यालय को ऑनलाइन रूप से पोर्टल पर प्राप्त हो चुके हैं। तीन पालियों में आयोजित होने वाली वार्षिक परीक्षाओं के सफल आयोजन हेतु विभिन्न परीक्षा केन्द्रों में महाविद्यालय प्रशासन द्वारा केन्द्र अधीक्षक तथा सहायक केन्द्र अधीक्षकों की नियुक्ति भी कर ली गई है।
विश्वविद्यालय द्वारा परीक्षा अवधि में विद्यार्थियों हेतु प्रत्येक परीक्षा केन्द्र पर शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश भी सभी परीक्षा केन्द्रों को प्रसारित किये गये है। 13 मार्च को स्नातक स्तर के तृतीय वर्ष की परीक्षाएं आरंभ होंगी। परीक्षार्थी को परीक्षा में शामिल होने हेतु अपना वैध परीक्षा प्रवेश पत्र लेकर आना अनिवार्य होगा। बिना प्रवेश पत्र के किसी भी परीक्षार्थी को परीक्षा में शामिल होने की अनुमति प्रदान नही की जायेगी।
3 साल बाद हो रही हेमचंद यादव विश्वविद्यालय में ऑफलाइन परीक्षाएं, एक लाख 64 हजार विद्यार्थी होंगे शामिल, परीक्षा केंद्रों में पहुंची उत्तर पुस्तिकाएं ,13 मार्च से शुरू

