पथर्रा के फार्म हाउस और आनंद नगर में चोरी, जांच कर रही भिलाई-3 पुलिस
भिलाई नगर, 30 जुलाई। पुरानी भिलाई थाना अंतर्गत बीएसपी कर्मी के पथर्रा फार्म हाउस और आनंद नगर चरोदा के मकान में चोरों ने धावा बोला है। दोनों पीड़ित की रिपोर्ट पर भिलाई-3 पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मिली जानकारी के अनुसार जे पाकेट 7बी मैत्री गार्डन के पास मरोदा निवासी बीएसपी कर्मचारी सुधीर खिचरिया (57 वर्ष) के पथर्रा स्थित फार्म हाउस का ताला तोड़ अज्ञात चोर स्पिंकलर की चिड़िया 17 नग, दवा छिड़काव पंप, केबल तार 10 मीटर, 5 बोरा डीएपी खाद, 5 बोरा यूरिया व दो बंडल सर्विस वायर चोरी कर ले गए हैं। वहीं चरोदा के आनंद नगर में सुजाता बागडे़ (32 वर्ष) निवासी ग्राम धवलपुर जिला गरियाबंद द्वारा नया मकान बनवाया जा रहा है। सुजाता ने पुलिस को बताया कि भतीजी लावन्या के जन्मदिन पर वह अपने भाई के घर पावर हाउस आई थी। 27 को नये मकान में पूजन करवाने के बाद वह चरोदा से वापस भाई बसंत कुमार बागडे के घर लौट आई। बीते दिन जब निर्माणाधीन घर में दरवाजा लगवाने गई तो मकान में दुकान के लिए बने कमरे में लगे बोरवेल की मोटर पंप और केबल वायर अज्ञात चोर चोरी कर ले गया है।

