हेमचंद यादव विश्वविद्यालय दुर्ग द्वारा साइंस पार्लियामेंट का आयोजन 16 से 23 फरवरी तक, ऑनलाइन 150 से अधिक प्रतिभागी लेंगे हिस्सा

हेमचंद यादव विश्वविद्यालय दुर्ग द्वारा साइंस पार्लियामेंट का आयोजन 16 से 23 फरवरी तक, ऑनलाइन 150 से अधिक प्रतिभागी लेंगे हिस्सा


दुर्ग 14 फरवरी । हेमचंद यादव विश्वविद्यालय दुर्ग द्वारा 16 से 23 फरवरी तक विज्ञान विषय के स्नातकोत्तर विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों हेतु ऑनलाइन रूप से आयोजित होने वाले साइंस पार्लियामेंट में 12 प्रमुख स्नातकोत्तर महाविद्यालयों के लगभग 150 से अधिक प्रतिभागी हिस्सा लेंगे। राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के पूर्व पखवाड़े में आयोजित साइंस पार्लियामेंट के दौरान प्रत्येक महाविद्यालय को ऑनलाइन प्रस्तुतिकरण हेतु एक घंटे की समय अवधि प्रदान की जायेगी। यह जानकारी देते हुए विश्वविद्यालय के सहायक कुलसचिव, हिमांशु शेखर मंडावी तथा दिग्विजय कुमार ने संयुक्त रूप से बताया कि छत्तीसगढ़ के किसी भी विष्वविद्यालय में प्रथम बार साइंस पार्लियामेंट का आयोजन हो रहा है। विश्वविद्यालय की कुलपति, डाॅ. अरूणा पल्टा द्वारा दिये गये निर्देशों के अनुसार अपने एक घंटे के प्रस्तुतिकरण के दौरान महाविद्यालय के नियमित विद्यार्थी, शोधार्थी किसी वैज्ञानिक की जीवनी, उच्च स्तरीय प्रयोगशाला की जानकारी, किसी विषय विषेष पर पावर पाइंट प्रस्तुतिकरण विज्ञान से जुड़े किसी बिन्दु पर ऑडियो वीडियो प्रदर्शन वर्किंग मॉडल से संबंधित जानकारी अथवा महाविद्यालय द्वारा पर्यावरण संरक्षण से संबंधित किये गये उल्लेखनीय कार्य को प्रदर्शित करेंगे।

प्रत्येक महाविद्यालय से न्युनतम 15 प्रतिभागी हिस्सा लेंगे। प्रत्येक दिवस पर महाविद्यालयों द्वारा किये जाने वाले प्रस्तुतिकरण का मूल्यांकन विश्वविद्यालय द्वारा मनोनीत निर्णायक समिति करेंगी। साइंस पार्लियामेंट के विजेताओं को 24 फरवरी को विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में पुरस्कृत किया जायेगा। अधिष्ठाता छात्र कल्याण, डाॅ. प्रशांत श्रीवास्तव ने बताया कि जिन 12 महाविद्यालयों को साइंस पार्लियामेंट में शामिल होने हेतु चयनित किया गया है उनमें शासकीय विश्वनाथ यादव तामस्कर स्वशासी स्नातकोत्तर महाविद्यालय, दुर्ग शासकीय दिग्विजय स्वशासी स्नातकोत्तर महाविद्यालय, राजनांदगांव, शासकीय पं. जवाहर लाल नेहरू स्नातकोत्तर महाविद्यालय, बेमेतरा, शासकीय आचार्य पंथ श्री गृंध मुनि साहेब स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कबीरधाम, शासकीय वा. वा. पाटणकर कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय, दुर्ग, भिलाई महिला महाविद्यालय, सेक्टर-09 भिलाई कल्याण स्नातकोत्तर महाविद्यालय, सेक्टर 07 भिलाई नगर, सेंट थाॅमस काॅलेज, रूआबांधा भिलाई रूंगटा काॅलेज, साइंस एण्ड टेक्नाॅलाॅजी, गंजपारा, दुर्ग श्री शंकराचार्य महाविद्यालय, जुनवानी, भिलाई, स्वामी श्री स्वरूपानंद महाविद्यालय, हुडको, भिलाई एवं सांई काॅलेज, सेक्टर-06 भिलाई शामिल हैं।