सीजी न्यूज आनलाईन डेस्क, 6 फरवरी। बिजली विभाग में एक माचिस आजकल आफत की वजह बनी हुई है। माचिस लौटाने के लिए विभाग ने पत्र लिखा और पत्र अब सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद अब माचिस की ताप हर जगह फैल गई है। इसे लेकर काफी मजाक भी बनाया जा रहा है। हालांकि ये पत्र पुराना है, लेकिन सोशल मीडिया पर इसे लेकर अब खूब चर्चा हो रही है।
आपको बता दें कि माचिस की महज 19 तीलियों के लिए यह सरकारी चिट्ठी देकर कार्रवाई की चेतावनी देना सचमुच सरकारी विभागों की कार्यकुशलता पर एक बार फिर चार चांद लगाने जैसा ही है। माचिस के लेनदेन के लिए किसी सरकारी विभाग में पत्र लिखकर उसे लौटाने के लिए तीन दिन का अल्टीमेटम दिया जाना, सुनने में ये बात अजीब लग सकती है लेकिन ऐसा हुआ है मुरादाबाद में।

यहां बिजली विभाग में एक ‘गायब माचिस’ के लिए बाकायदा ऑफिशियल लेटर लिखा गया है। जारी पत्र में कार्यालय सहायक को लिखा गया है कि ‘विभाग में कार्य का बोझ अत्यधिक हो जाने के कारण देर रात तक दफ्तर में बैठकर कार्य निपटाना पड़ रहा है। दफ्तर में कार्य करते समय आपके द्वारा अधोहस्ताक्षरित एक माचिच (जिसमें लगभग 19 तीलियां थी) मांगी गई थी जिसे मॉर्टिन को सुलगाने हेतु रखा गया था परंतु अत्यंत खेद का विषय है कि आपके द्वारा उक्त माचिस को लौटाया नहीं गया है जिससे रात बेरात को बिजली जाने पर परेशानी उत्पन्न हो रही है। अत: आपको निर्देशित किया जाता है कि पत्र प्राप्ति के तीन दिवस के अंदर उक्त माचिस को वापस करना सुनिश्चित करें ताकि भविष्य में कोई विवाद की स्थिति न बने और आपसी विश्वास बना रहे अन्यथा की स्थिति में किसी भी कार्यवाही के लिए आप स्वयं जिम्मेदार होंगे।
पत्र वायरल होने के बाद विभाग की काफी खिल्ली उड़ रही है और लोग इसे लेकर तरह तरह के सवाल भी उठा रहे हैं। हालांकि इसे लेकर विभाग के एक अधिकारी ने सफाई दी है कि ये पत्र कम्प्यूटर ऑपरेटर को ट्रेनिंग देते समय लिखाया गया है और वास्तविकता में ऐसा कोई पत्र भेजा नहीं गया लेकिन पत्र पर लगा सील ठप्पा कुछ और ही कहानी कह रहा है। बहरहाल असलियत जो भी हो लेकिन माचिस की कुछ तीलियों ने आग तो लगा ही दी है।

