रायपुर के पालिटेक्निक स्टूडेंट ने की खुदकुशी, जिद कर परिजनों से खरीदवाई थी कार

<em>रायपुर के पालिटेक्निक स्टूडेंट ने की खुदकुशी, जिद कर परिजनों से खरीदवाई थी कार</em>



सीजी न्यूज आनलाईन डेस्क, 2 फरवरी। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के पौड़ीबाहर में एक युवक ने फांसी लगा खुदकुशी कर ली है। मृतक के पिता ने बताया कि रायपुर जाने के बाद पुत्र की संगति खराब हो गई थी।
कोरबा के सिविल लाइन पुलिस थाना के अंतर्गत पौड़ीबाहर क्षेत्र में निवासरत वैष्णव परिवार को आज सुबह इस घटना की जानकारी हुई। उनके 22 वर्षीय पुत्र हिमांशु की गतिविधियां पिछले कुछ दिनों से सामान्य नहीं थी। पिता ने बताया कि रात्रि को घर आने के बाद हिमांशु अपने कमरे में गया और आज सुबह काफी देर तक नहीं उठा तो इस पर संदेह हुआ। बाद में मालूम चला कि साड़ी से फंदा बनाकर उसने खुदकुशी की है। शासकीय शिक्षक देवकीनंदन वैष्णव और उनके परिवार को इस बात का दु:ख है कि सभी तरह की इच्छाएं पूरी करने के बाद भी छोटे पुत्र हिमांशु वैष्णव ने खुदकुशी कर ली और कई सवाल छोड़ गया। पिता ने पुलिस को बताया कि कुछ दिनों से उसकी मनमानी मांगे जारी थी और हमने इसे पूरा भी किया। केवल उसके दबाव के कारण ही कार खरीदी गई। दु:खी मन से पिता ने इस बात को भी स्वीकार किया कि रायपुर में पॉलिटेक्निक की पढ़ाई करने के साथ उसकी संगति बिगड़ गई थी। युवक के फांसी लगाने की खबर मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर शव को उतारा। इस मामले में मर्ग कायम करने के बाद आगे की जांच की जा रही है।