रोज वर्क आउट करते रहे राजू श्रीवास्तव की हालत नाजुक, फैंस लंबी उम्र की कर रहे
दिल्ली, 12 अगस्त। दुनिया के चेहरे पर हंसी लाने वाले कॉमेडियन राजू श्रीवास्तव की हालत नाजुक बताई जा रही है। उन्हें 10 अगस्त को दिल का दौरा पड़ा, जिसके तुरंत बाद दिल्ली के एम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आज डॉक्टर्स ने राजू की हेल्थ को लेकर जो अपडेट दिया है उसके अनुसार उनकी हालत अभी भी चिंताजनक है।
मिली जानकारी अनुसार कार्डिएक अटैक के कारण राजू श्रीवास्तव के दिमाग पर बुरा असर हुआ है। उनकी हालत जस की तस बनी हुई है। किसी तरह की कोई प्रोग्रेस नहीं दिख रही है। राजू श्रीवास्तव की सुपुत्री अंतरा ने बताया कि अभी भी पिता गंभीर हालत में हैं। डॉक्टर्स ने उन्हें आईसीयू में भर्ती रखा है। लगातार उनकी हेल्थ मॉनीटर की जा रही है। उनकी हालत न पहले से बेहतर न पहले से खराब हुई है। पूरी मेडिकल टीम उन्हें स्वस्थ करने के लिए जुटी हुई है। हम बस उम्मीद कर रहे हैं कि वो जल्द से जल्द ठीक हो जाएं। मेरी मम्मी अभी उनके साथ अंदर आईसीयू में ही मौजूद है। उनके पिता सेहत को लेकर सजग रहे हैं और हमेशा फिट रहने के लिए वर्कआउट किया करते थे। दिल्ली और बाहर की जगहों में अक्सर ट्रैवल करने के चलते ये तय कर रखा था कि रोज वर्कआउट करना है। वो रोज एक्सरसाइज करते रहे हैं। कभी भी किसी भी दिन ब्रेक नहीं लेते, उन्हें दिल से जुड़ी किसी भी प्रकार की समस्या नहीं थी। वो पूरी तरह ठीक थे।
गौरतलब हो कि फिल्म इंडस्ट्री में अपनी अलग छवि बनाने वाले राजू की उम्र 59 साल है। वर्कआउट के दौरान ऐसी परेशानियों का सामना करने वाले राजू से पहले भी कई सेलेब्रिटी हैं। पिछले कुछ समय में इंडस्ट्री के कई लोग ऐसी परेशानी की चपेट में आए हैं। साउथ के मशहूर सुपरस्टार पुनीत राजकुमार की महज 46 वर्ष की आयु में ही मौत हो गई थी। उससे पहले लॉकडाउन के दौरान बालिका वधु जैसे धारावाहिक में नजर आ चुके सिद्धार्थ शुक्ल की भी मौत ऐसे ही संदिग्ध कारणों से हुई। राजू के हृदयाघात के बाद फैंस लगातार उनकी लंबी उम्र की दुआ मांग रहे हैं।

