फोरलेन रोड पर 16 चक्का ट्रक ने मारी ठोकर, बीएसपी कर्मी की मौत, पैदल पार कर रहा था सड़क, शहर में 2 दिनों में सड़क दुर्घटनाओं में 5 की मौत
भिलाई नगर 12 अगस्त । आदर्श पेट्रोल पंप सुपेला के पास फोर लेन रोड को पैदल पार कर रहे बीएसपी कर्मी को आज सुबह रायपुर की तरफ से दुर्ग जा रही ट्रक नहीं ठोकर मार दी। इलाज के लिए बीएसपी कर्मी को शासकीय लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल सुपेला इलाज के लिए ले जाया गया परंतु डॉक्टर के द्वारा जांच के पश्चात उसे मृत घोषित कर दिया। शहर में विगत 2 दिनों में सड़क दुर्घटना में 5 लोगों की मौत हो चुकी है।
सुपेला थाना प्रभारी दुर्गेश शर्मा ने बताया कि उन्हें आज सुबह 10.15 बजे के करीब आदर्श पेट्रोल पंप सुपेला के सामने फोरलेन रोड पर ट्रक की ठोकर से एक व्यक्ति घायल अवस्था में पड़ा है। मौके पर जाकर पता चला कि रुआबांधा सेक्टर सड़क 30 निवासी अजय पांचपूरे पिता रामभाऊ पांचपूरे (52 साल) अपने व्यक्तिगत कार्य से सुपेला गया हुआ था। वह पैदल सड़क पार कर रहा था। इभी दौरान 16 चक्का ट्रक सीजी 07 सीएच 8124 ने उसे ठोकर मार दी। होकर लगने से अजय दूर जा गिरा उसके सिर के पिछले हिस्से में गंभीर चोटें आई थी।
पुलिस ने तुरंत लोगों की मदद से अजय को बेहोशी की हालत में सुपेला अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सुपेला पुलिस के मुताबिक मृतक बीएसपी कर्मी है। शव का पंचनामा कार्रवाई करके उसे पीएम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर चालक के खिलाफ धारा 304ए के तहत मामला दर्ज किया है।

