🟦 आनलाईन घर बैठे रूपये कमाने की तरकीब ने आईटी प्रोफेशनल महिला को लगाया चूना
सीजी न्यूज आनलाईन डेस्क, 22 दिसंबर। कोरोना काल के बाद अब लगभग सभी जरूरी काम मोबाइल फोन के जरिए हो रहे हैं। कई लोग घर बैठे लाखों रुपए का आर्थिक लेन-देन कर रहे हैं। इस बीच जानकारी का अभाव और सायबर ठगों द्वारा हर रोज बदल रहे पैतरों के चलते लोग आनलाईन फ्राॅड का बडी़ संख्या में शिकार भी हो रहे हैं। देखते ही देखते उनके जीवन भर की कमाई पलक झपकते ही बैंक खाता से उड़ा ली जा रही है और पीड़ित हाथ मलता अपनी गलती को दोष देता परेशान है।
मिली जानकारी के मुताबिक मुंबई में आईटी प्रोफेशनल के खाते से 37 लाख रुपये गायब होने का ऐसा ही मामला प्रकाश में आया है। यह ऑनलाइन पैसा कमाने का अवसर होने का दावा करने वाला एक घोटाला है। बताया जा रहा है कि पीड़िता को टेलीग्राम एप पर एक अज्ञात महिला के नाम से मैसेज आया। महिला ने उसे बताया कि वह उसे ऑनलाइन पैसा कमाने का अवसर दे रही है और कुछ उत्पादों की ऑनलाइन रेटिंग के लिए उसे कमीशन मिल सकता है। पीड़ित महिला तरुणा को ऑनलाइन कमाने का लालच देकर टेलीग्राम के एक अन्य संपर्क ने उसके साथ लिंक साझा की और उसे वेबसाइट पर जाने और कुछ कार्यों को पूरा करने की सलाह दी।शिकायत में पीड़िता ने बताया कि 28 नवंबर को वेबसाइट देखने के बाद उसने कई ट्रैवल प्रॉपर्टीज को 5 स्टार रेटिंग दी। उन्हें बताया गया कि प्रत्येक काम के बाद उन्हें कुछ प्रीमियम शुल्क देना होगा, जो बाद में उनकी कमाई के साथ वापस कर दिया जाएगा। इन कार्यों के लिए पीड़ित ने धीरे-धीरे प्रीमियम शुल्क के रूप में करीब 38 लाख रुपये का भुगतान कर दिया। इस काम पर लाखों रुपये खर्च करने के बावजूद उनके ई-वॉलेट में कमाई 41 रूपये 50 पैसे ही दिखा रहा था। बाद में अपने ई-वॉलेट से पैसे निकालने या ट्रांसफर करने की कोशिश करते हुए पीड़िता लंबित लेन-देन देखती रही और बाद में वेबसाइट और टेलीग्राम समूह दोनों को हटा दिया गया। लाखों का नुकसान झेलने के बाद अब पीड़िता ने साइबर क्राइम का केस दर्ज कराया है।
गौरतलब हो कि सोशल प्लेटफार्म पर चैटिंग के बाद किसी पर भरोसा करना खतरनाक हो सकता है क्योंकि वह इंसान कभी भी गायब हो सकता है। किसी अनजान लिंक पर क्लिक करने, अपनी जानकारी देने या एक रुपया भी खर्च करने जैसी गलतियों से बचें।
आनलाईन फाईव स्टार रेटिंग देने का बिजनेस, 38 लाख गंवाने के बाद मिले 41 रूपये 50 पैसे 🛑 महिला का उड़ा होश

