गंजपारा चौक दुर्ग में डंडे से पीट-पीटकर युवक की दिनदहाड़े हत्या, तत्काल कार्रवाई करते हुए दुर्ग पुलिस ने चार आरोपियों को लिया हिरासत में
दुर्ग 14 अगस्त । दुर्ग कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत कल दिन में पुरानी रंजिशवश युवक को डंडे से पीट-पीटकर हत्या के चार आरोपियों को पुलिस के द्वारा गिरफ्तार कर लिया गया है।
नगर पुलिस अधीक्षक दुर्ग अभिषेक झा ने बताया कि कल दिन में थाना दुर्ग पुलिस को सूचना मिली कि गंजपारा चौक के पास विनोद नायक पिता हृदय लाल उम्र 25 साल निवासी शंकर नगर दुर्ग का आपसी रंजिश के चलते आरोपी देवेन्द्र ठाकुर पिता भरत ठाकुर उम्र 19 साल निवासी मिलपारा वार्ड नंबर 38 दुर्ग, रमेश कुमार वर्मा गोर्वधन वर्मा उम्र 27 साल निवासी वार्ड नंबर 38 मिलपारा दुर्ग, दीपेश यादव पिता कान्ता यादव उम्र 19 साल निवासी मिलपारा दुर्ग और गणेश साहू पिता विष्णु साहू उम्र 25 साल निवासी मिलपारा दुर्ग के द्वारा एक राय होकर डण्डे से मारकर हत्या किया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए दुर्ग पुलिस द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए सायबर टीम, सिविल टीम एवं कोतवाली पुलिस गठित कर आरोपीगणों की पता तलाश की गई। इस दौरान आरोपियों को हिरासत में लेकर कार्यवाही की गई विवेचना जारी है।
पुलिस ने बताया कि मृतक विनोद नायक का आरोपियों के साथ पूर्व में विवाद हुआ था। कल गंजपारा चौक के पास विनोद का आमना-सामना आरोपियों के साथ हुआ था। इस दौरान चारों आरोपी एक राय होकर विनोद को देखते ही उस पर डंडे से हमला कर दिया । विनोद को मरते दम तक पीटते रहे। थाना दुर्ग में अपराध क्रमांक 910/2022 धारा 302, 323 34 भादवि के के तहत कार्यवाही करते हुए चारों को हिरासत में लिया है।

