बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी में रायपुर की नम्रता का संबोधन सुन अमित शाह, योगी आदित्यनाथ ने बजाई तालियां

बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी में रायपुर की नम्रता का संबोधन सुन अमित शाह, योगी आदित्यनाथ ने बजाई तालियां



सीजी न्यूज आनलाईन डेस्क, 18 दिसंबर। बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी में हुए काशी- तमिल संगमम कार्यक्रम में पत्रकारिता स्टूडेंट के भाषण का वीडियो जमकर वायरल हो रहा है। रायपुर की इस युवती ने स्टेज पर दमदार अंदाज में हिंदी और तमिल में अपनी रखी जिसे देखकर देश के गृह मंत्री अमित शाह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तालियां बजाते रहे। स्टूडेंट का नाम नम्रता वर्मा है। रायपुर निवासी नम्रता बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी में पत्रकारिता की पढ़ाई कर रही हैं। काशी तमिल संगम कार्यक्रम में नम्रता को भी भाषण देने का मौका मिला तो उन्होंने अपने अनोखे अंदाज से सभी का ध्यान खींचा। हिंदी में नम्रता ने मदन मोहन मालवीय को महामना कहते हुए उन्हें प्रणाम किया और तमिल बोलते हुए तमिलनाडु से आए लोगों को वनक्कम भी कहा।
काशी तमिल संगम कार्यक्रम के समापन समारोह में नम्रता ने यह भी कहा कि यह देश के अलग-अलग प्रांतों, अलग-अलग बोली भाषा में व्यवहार करने वालों के मिलन का शुभारंभ भी है। नम्रता ने भाषण के दौरान प्रसिद्ध कवि सुब्रमण्यम भारती की कविता ‘यह है भारत देश हमारा’ भी सुनाई। जिसे सुनकर देश के गृहमंत्री अमित शाह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी ताली बजाने से खुद को रोक नहीं पाए। नम्रता ने कहा कि लंबे समय से हमारे देश की संस्कृतियों को जोड़ने का प्रयास नहीं हुआ था। प्रधानमंत्री ने ‘काशी-तमिल संगमम’ के माध्यम से सदियों बाद ये प्रयास किया है। ये प्रयास पूरे देश की भाषाओं और संस्कृतियों को जोड़ने का सफल प्रयास सिद्ध होगा। गुलामी के एक लंबे काल खंड में हमारी संस्कृति और विरासत को मलिन करने का प्रयास किया गया है।