सेक्टर-7 में देर रात पिता-पुत्र सहित तीन से मारपीट और तोड़फोड़, 4 के खिलाफ जुर्म दर्ज
भिलाई नगर, 17 अगस्त। टाऊनशिप के सेक्टर-7 में बीती रात जमकर तोड़फोड़ और मारपीट की गयी है। सूचना पर देर रात पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों के खिलाफ धारा 294, 323, 34, 427, 506 के तहत जुर्म दर्ज कर मामले को विवेचना में लिया है।
भिलाई नगर थाना एसआई भागवत ठाकुर ने बताया कि शाकिर हुसैन (45 वर्ष) निवासी सड़क 34 क्वाटर 2/ए निवासी प्रायवेट क्रेन आपरेटर है। कल रात लगभग साढे़ 10 बजे उसका बडा़ बेटा आफताब टहलने के लिये घर से बाहर निकला तो स्ट्रीट में खड़े कृष्णा, साहिल सोनी, बंटी और मोनू ने पुरानी बात को लेकर आफताब से गाली गलौज करते हुए उससे मारपीट की। जब शाकिर को जानकारी मिली तो उसने कृष्णा, साहिल उर्फ लल्लू, बंटी और मोनू को घर के पास बुलाकर मारपीट की वजह पूछ। तो चारों आक्रोशित हो शाकिर से हाथापाई करने लगे। इस बीच आफताब और छोटा बेटा अमन बीचबचाव करने लगे तो उन्हें भी आरोपियों ने मारा। शाकिर के हाथ, आफताब के सिर और अमन के सिर, पीठ, हाथ में काफी चोट आई है। इस बीच आरोपियों ने उनके घर का दरवाजा भी तोड़ दिया और सभी को जान से मारने की धमकी देते निकल भागे।

