🟪 आप 10वीं पास हैं तो ध्यान दीजिए, कहीं मौका छूट न जाए
सीजी न्यूज आनलाईन डेस्क, 15 नवंबर। छत्तीसगढ़ के बेरोजगार युवाओं को रोजगार का अवसर देने कल मारुती सुजुकी जैसी देश की प्रतिष्ठित ऑटोमोबाइल कंपनी रायपुर में खास कैम्प का आयोजन कर रही है जिसमें शामिल होकर दसवीं पास युवा आवेदन कर सकता है। यह कैम्प 16 नवंबर को आरंग के जनपद कार्यालय में होने जा रहा है।
मिली जानकारी के मुताबिक प्रदेश के 10वीं पास युवाओं को इस कंपनी में काम सीखने का मौका मिलेगा और इसके लिए 100 युवाओं का चयन किया जाएगा। जो आगे जाकर मारूती सुजुकी कंपनी के महेसाणा प्लांट में काम करेंगे। इस भर्ती का फायदा अधिक से अधिक युवाओं को मिलेगा। इस प्लांट में प्रशिक्षुओं की भर्ती होगी। पहले चुने हुए लोगों को काम सिखाया जाएगा और इस अवधि में भी पैसे मिलेंगे जिसके तहत हर महीने 12 हजार रुपए स्टायफंड दिया जाना है।
बताया गया है कि 16 नवम्बर को जनपद पंचायत कार्यालय आरंग में प्लेसमेंट कैंप का आयोजन होगा। यह कैंप सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक चलेगा। इस प्लेसमेंट कैंप के माध्यम से करीब 100 प्रशिक्षुओं का चयन किया जाएगा।
रोजगार कार्यालय के उप संचालक ने बताया कि मारूती सुजुकी इंडिया लिमिटेड के महेसाणा प्लांट में भर्ती के इच्छुक युवाओं की न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 50 प्रतिशत अंकों के साथ 10वीं कक्षा पास होना चाहिए। अभ्यर्थी को आधार कार्ड की दो-दो प्रतियां, पासपोर्ट साइज की दो फोटो सहित 16 नवम्बर को जनपद पंचायत कार्यालय आरंग में उपस्थित होना होगा। उम्मीद्वारों की आयु 18 से 20 साल तय की गई है। इस संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय रायपुर से भी संपर्क किया जा सकता है।

