भिलाईनगर 2 नवंबर । पिज्जा डिलीवरी ब्वाय का मोबाइल चोरी करने वाले तीन आरोपियों को भट्ठी पुलिस ने दबोचा। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी का मोबाइल व घटना में प्रयुक्त मोटर साइकिल जब्त किया है। पुलिस तीनों आरोपियों के खिलाफ धारा 379,34 के तहत अपराध दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है।
भट्ठी टीआई के.के.कुशवाहा ने बताया कि मनीष कुमार निर्मलकर निवासी एसीसी शिवपुरी जामुल डिलवरी ब्वाय का काम करता है। उसने रिपोर्ट दर्ज कराया कि 28 अक्टूबर की रात 11.30 बजे सेक्टर 04 में पिज्जा का डिलवरी छोड़ने जा रहा था। सड़क नंबर 04 सेक्टर 04 में अपनी वाहन को खड़ी कर अपने मोबाइल से ग्राहक का लोकेशन देखकर अपनी मोबाइल को मोटर साइकिल के सीट पर रखकर बैग से पिज्जा डिलवरी का पार्सल निकालकर डिलवरी करने रख रहा था कि उसी समय तीन अज्ञात व्यक्ति मोटर साइकिल में आये और मोबाईल को उठाकर ले भागे। प्रार्थी उनका मोटर साइकिल से पीछा किया। अपनी मोटर साइकिल की हेडलाइट एवं स्ट्रीट लाइट की रोशनी से देखा तो मोटर साइकिल डिस्कवर वाहन जिसमें पीछे नंबर प्लेट में मोटर साइकिल नंबर सीजी 07 एलआर 6680 अंकित था। विवेचना दौरान मुखबीर सूचना मिली कि तीन युवक परशुराम भवन के पास में सेक्टर 2 में मोबाइल को बेचने की फिराक में घूम रहे है। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। संदेही अर्जुन नेताम (24 वर्ष) निवासी शास्त्री चौक कैम्प 01,विजय मारकण्डे(20 वर्ष) निवासी राजीव नगर वार्ड नं. 19 व नाबालिग को हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर चोरी करना स्वीकार किया।
चोर ने पुलिस कर्मी के गाड़ी को भी नहीं छोड़ा
ठंड की दस्तक के साथ चोर गिरोह ज्यादा ही सक्रिय है। इस बार चोर ने पुलिस कर्मी के गाड़ी को भी नहीं छोड़ा। क्वार्टर के नीचे खड़ी एक्टिवा को पार्किग से चोरी कर ले भागा। रिपोर्ट पर पुलिस मामले में धारा 379 के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना कर रही है।
भिलाईनगर पुलिस ने बताया कि ज्ञानदत्त मिश्रा पुलिस विभाग में प्रधान आरक्षक के पद पर पदस्थ है और पुलिस लाइन दुर्ग में कार्यरत है। वे क्वार्टर नं.बी 4 ब्लाक बी पुलिस हाउसिंग कालोनी सेक्टर-6 में निवास करते हैं। उन्होंने रिपोर्ट दर्ज कराया कि 29 अक्टूबर की रात 9 बजे अपनी एक्टिवा को क्वार्टर के नीचे पार्किग में खड़ी कर चला गया था। अगले दिन सुबह उठा तो देखा कि उनकी एक्टिवा को अज्ञात चोर चोरी कर ले गया।

