दो साल तक पुलिस को चकमा देने वाला पूर्व पार्षद का बेटा गिरफ्तार, हत्या के प्रयास का मामला है दर्ज

दो साल तक पुलिस को चकमा देने वाला पूर्व पार्षद का बेटा गिरफ्तार, हत्या के प्रयास का मामला है दर्ज



🔴 होटल ग्रांड ढिल्लन में युवक के सिर पर बोतल फोड़ किया था जानलेवा हमला
🔴 फरार दो और आरोपी को सरगर्मी से तलाश रही सुपेला पुलिस
भिलाई नगर, 30 अक्टूबर। नेहरू नगर चौक स्थित होटल ग्रांड ढिल्लन में दो वर्ष पूर्व एक युवक पर जानलेवा हमला करने वाला आरोपी सलाखों के पीछे पहुंच गया है। इस मामले के दो और आरोपी अब भी फरार हैं। आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिल कर कुर्सी और कांच की बोतलों से हमला किया था जिससे एक युवक को गंभीर चोटें आई थी।पुलिस ने सभी के खिलाफ धारा 307 के तहत मामला दर्ज किया था।
गिरफ्तार आरोपी प्रशांत सोनी का पिता लंगूर सोनी भी हत्या का आरोपी रहा है और एक समय वह तपन ग्रुप का एंटी माना जाता था। आरोपी की मां रागनी सोनी दुर्ग से पार्षद भी रही हैं।
सुपेला थाना प्रभारी दुर्गेश शर्मा ने बताया कि वर्ष 2020 में नेहरू नगर चौक स्थित होटल ग्रैंड ढिल्लन के 7वें फ्लोर में बर्थ-डे पार्टी थी। इस पार्टी में गंजपारा दुर्ग निवासी प्रशांत सोनी अपने साथियों रौनक दुबे, फैज ईरानी और लक्की के साथ गया था। पार्टी के दौरान ही इनका प्रभात कुमार नाम के युवक से झगड़ा हो गया, झगड़ा इतना बढ़ गया कि प्रशांत और उसके साथियों ने प्रभात के ऊपर लोहे की कुर्सी एवं कांच की बॉटलों से प्राण घातक हमला कर दिया। प्रभात को गंभीर चोट आई थीं। सुपेला पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया था। मामला दर्ज करने के बाद पुलिस ने रौनक दुबे को तो गिरफ्तार कर लिया था लेकिन प्रशांत, लकी और फैज ईरानी फरार हो गए थे। पुलिस ने शनिवार को प्रशांत सोनी को गिरफ्तार कर लिया है। दो आरोपी फैज और लकी अभी भी फरार है।
बताया जा रहा है कि फरार आरोपी दीपावली मनाने अपने घर आया था। सुपेला पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी प्रशांत सोनी उर्फ गोगी (28 वर्ष) दीपावली का त्यौहार मनाने उत्कल पारा हनुमान मंदिर गंजपारा दुर्ग स्थित अपने घर आया है। वह नेहरू नगर चौक में भी देखा गया है। सुपेला पुलिस ने तत्काल नेहरू नगर चौक पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर लोहे की कुर्सी और बीयर बॉटलों से मारकर घटना को अंजाम देना स्वीकार किया है। घटना के बाद से दो अन्य और फरार आरोपियों की पतासाजी की जा रही है।