“इ भिलाई है भैया, इहां अब किराना दुकान में शराब बिक रही है…!”

“इ भिलाई है भैया, इहां अब किराना दुकान में शराब बिक रही है…!”



🔴 शाति पारा की “शांति” को शराबी लगाते हैं ग्रहण
🔴 कैम्प के दुकानदार की शिकायत लेकर घेरा थाना
🔴 पुलिस ने किया गिरफ्तार, नियमतः कार्रवाई होगी-टीआई
भिलाई नगर, 28 अक्टूबर। आप यह जानकर चौक जरूर जाएंगे मगर सच यही है कि भिलाई में इन दिनों किराना दुकान में भी शराब बिकने लगी है। कैंप-1, शांति पारा के रहवासियों ने छावनी थाने में दुकानदार की शिकायत करते हुए पुलिस से इस अवैध कारोबार पर रोक लगाने की फरियाद की है। क्षेत्रवासियों ने पुलिस से कैम्प क्षेत्र की एक किराना दुकान संचालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। लोगों ने बताया कि नवीन गुप्ता नामक शख्स किराना दुकान की आड़ में शराब बेचता है। जिससे क्षेत्र का वातावरण खराब हो रहा है और दुकान के सामने दिन भर नशाखोरों का जमावड़ा लगा रहता है मगर पुलिस कुछ नहीं करती। आस पास के लोगों ने जब दुकान वाले से आब्जेक्शन किया तो दुकान संचालक नवीन गुप्ता और शराब प्रेमी उल्टे उनको ही धमकाने लगे हैं।
जिसके विरोध में क्षेत्रवासियों ने छावनी थाने के सामने प्रदर्शन भी किया। लोगों का कहना है कि इस स्थान से लोगों का गुजरना दूभर हो गया है। यहां से आने-जाने वालों को परेशान भी किया जाता है। यहां नशाखोरी से मना करने पर नवीन गुप्ता और शराब पीने वालों द्वारा दादागिरी की जाती है। यहां महिलाओं से भी गाली-गलौज किया जाता है। लोगों का कहना है कि किराना दुकान संचालक नवीन गुप्ता की पूर्व में भी शिकायत की गई थी, जिसके बाद उसके खिलाफ कार्रवाई हुई थी लेकिन इतना ही काफी नहीं है, वो फिर शराब बेचने लगा है।
प्रदर्शनकारी रौनक यादव ने बताया कि इस अवैध कारोबार में नवीन गुप्ता की पत्नी भी शामिल है। मना करने पर उसकी पत्नी भी लड़ने आ जाती है। झूठा केस करने की धमकी देती है। वह खुलेआम छेड़छाड़ के मामले में फर्जी शिकायत दर्ज करवा कर सभी को निपटा देने की धमकी देती है। बड़ी संख्या में क्षेत्र के लोगों ने छावनी थाने में शिकायत दर्ज कराई है। आरोपी और उसके सहयोग करने वालों के विरुद्ध भी कार्रवाई की मांग करते हुए थाने में ज्ञापन सौपा है। प्रदर्शनकारियों में रौनक यादव, जाकेश कुमार, बबलू, दीपक, मुकेश, सूरज शामिल रहे। जिसके बाद पुलिस आरोपी को गिरफ्तार कर थाना ले आई है।
छावनी थाना प्रभारी मोनिका पाण्डेय ने कहा कि आरोपी का पुराना रिकॉर्ड है। क्षेत्रवासियों की शिकायत पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके विरुद्ध नियमत: कार्रवाई की जाएगी।